थाईलैंड का ऐसा मंदिर जहां पूजा से ज्यादा फोटोशूट का क्रेज! किराए पर मिलती है पारंपरिक ड्रेस, जानें क्या है पूरा मामला

बैंकॉक: थाईलैंड घूमने जाने वाले पर्यटकों के बीच मंदिर और ऐतिहासिक स्थल आकर्षण का बड़ा केंद्र हैं। इसी बीच बैंकॉक का प्रसिद्ध वाट अरुण मंदिर अपने एक अनोखे चलन को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा में है। यहां आने वाले कई पर्यटक पूजा-पाठ के साथ पारंपरिक थाई पोशाक पहनकर फोटोशूट भी करवाते हैं। मंदिर के आसपास पारंपरिक कपड़े किराए पर उपलब्ध होने की वजह से यह जगह सोशल मीडिया कंटेंट और फोटोशूट के लिए भी लोकप्रिय हो गई है।
थाईलैंड भारतीय पर्यटकों के बीच भी काफी लोकप्रिय पर्यटन स्थल है। यहां बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने पहुंचते हैं और बैंकॉक का वाट अरुण भी प्रमुख आकर्षणों में शामिल है। मंदिर की पारंपरिक वास्तुकला और यहां की पोशाक में फोटो खिंचवाने का चलन पर्यटकों को खासा आकर्षित कर रहा है।
पूजा नहीं, फैशन शो का अनुभव!
कंटेंट क्रिएटर और ट्रैवलर सूर्या ने हाल ही में वाट अरुण मंदिर का अपना अनुभव वीडियो के जरिए साझा किया। उन्होंने दिखाया कि किस तरह पर्यटक यहां पारंपरिक थाई पोशाक पहनकर तस्वीरें खिंचवाते हैं।
सूर्या ने वीडियो की शुरुआत में इस अनुभव को बताते हुए कहा, “भाई! क्या जगह है ये! एक ऐसा मंदिर जहां लोग पूजा नहीं करते, फैशन शो करते हैं.” वीडियो में वह खुद भी पारंपरिक थाई पोशाक और गहनों में नजर आईं। मंदिर परिसर में उन्होंने कैमरे के सामने पोज दिए और इस पूरे अनुभव के बारे में बताया।
मंदिर के बाहर मिलती है पारंपरिक ड्रेस
सूर्या के मुताबिक, मंदिर के बाहर ही पारंपरिक थाई पोशाक किराए पर लेने की सुविधा मिलती है। यहां कुछ ऐसे पैकेज भी उपलब्ध हैं, जिनमें पर्यटकों को सिर से पैर तक पारंपरिक अंदाज में तैयार किया जाता है।
उन्होंने अपने वीडियो में बताया कि उन्हें भी इसी तरह तैयार किया गया। उनके मुताबिक, ऐसे पैकेज में मंदिर के अंदर फोटोशूट की सुविधा भी शामिल हो सकती है।
सोशल मीडिया पर लोगों ने साझा किए अपने अनुभव
सूर्या के वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने भी इस जगह और उनके लुक को लेकर प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने पारंपरिक थाई पोशाक में उनकी तस्वीरों की तारीफ की।
एक यूजर ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह भी वहां गया था, लेकिन गर्मी और उमस की वजह से पारंपरिक पोशाक नहीं पहन सका। वहीं, एक अन्य यूजर ने दावा किया कि उसने फोटोशूट के लिए 1300 भाट खर्च किए थे और यह सेवा मुफ्त नहीं थी।
एक अन्य यूजर ने फोटोशूट की चर्चा से अलग मंदिर की खूबसूरती पर ध्यान दिलाते हुए इसे बैंकॉक के सबसे खूबसूरत मंदिरों में से एक बताया।



