राष्ट्रीय

महिला डॉक्टर की हत्या: न्याय की मांग को लेकर पश्चिम बंगाल में हजारों महिलाएं सड़कों पर उतरीं

कोलकाताः पश्चिम बंगाल में बुधवार आधी रात को हजारों की संख्या में महिलाएं कोलकाता के एक अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात एक डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या की घटना के विरोध में एकत्रित हुईं। कोलकाता के कई स्थानों सहित छोटे शहरों और बड़े शहरों के प्रमुख इलाकों में विरोध प्रदर्शन रात 11:55 बजे शुरू हुआ। इस दौरान पूरे राज्य में हजारों महिलाएं सड़कों पर उतरीं।

प्रदर्शनकारी ‘‘हमें न्याय चाहिए” के नारे लगा रहे थे। प्रदर्शन में राजनीतिक दलों के झंडों पर प्रतिबंध लगा दिया गया था, वहीं ‘एलजीबीटीक्यू प्लस’ जैसे हाशिए के समुदायों का प्रतिनिधित्व करने वाले झंडों का स्वागत किया गया।

आंदोलन की शुरुआत करने वालीं रिमझिम सिन्हा ने इस आयोजन को महिलाओं के लिए एक नया स्वतंत्रता संग्राम बताया। छात्राएं, पेशेवर, विविध पृष्ठभूमि की महिलाएं एक साथ मार्च में शामिल हुईं। प्रदर्शन में उन्होंने पीड़िता के लिए न्याय और महिलाओं के खिलाफ हिंसा को समाप्त करने की मांग की।

Related Articles

Back to top button