राज्यराष्ट्रीय

पेंशन के लिए रेंगते हुए पंचायत ऑफिस पहुंची 74 साल की विकलांग महिला

भुवनेश्वर : ओडिशा के क्योंझर जिला प्रशासन ने एक 74 वर्षीय महिला के वृद्धावस्था पेंशन का पैसा उसके घर तक पहुंचाया। दरअसल, हाल ही में वायरल एक वीडियो में महिला को रेंगते हुए पंचायत दफ्तर जाते हुए देखा गया था। महिला की पहचान पाथुरी देहुरी के तौर पर की गई है। अधिकारियों ने उसके घर जाकर 18 सितंबर को पेंशन की राशि दी। इसके अलावा उन्हें एक व्हीलचेयर भी उपलब्ध कराया गया।

एक अधिकारी ने बताया कि महिला पेंशन राशि लेने के लिए 15 सितंबर को पंचायत दफ्तर पहुंची थी, तभी किसी ने उसका वीडियो बना लिया था। एक हफ्ते के बाद वीडियो वायरल हो गया। तेलकोई प्रखंड विकास पदाधिकारी गीता मुर्मू ने कहा कि अधिकारियों ने उन्हें 15 सितंबर को पंचायत दफ्तर से पैसे लेने के लिए नहीं कहा था। वृद्धावस्था पेंशन शुरू में पाथुरी देहुरी के बैंक खाते में ही भेजी जा रही थी। बीमार होने के बाद उन्होंने बैंक आने में असमर्थता जताई, जिसके बाद से ही स्थानीय प्रशासन ने हाथ से पेंशन वितरित करना शुरू कर दिया। तब से ही देहुरी और उनके परिवार के दो अन्य सदस्य पंचायत दफ्तर से ही पेंशन ले रहे हैं। पंचायत दफ्तर उनके घर से 500 मीटर की दूरी पर है।

हालांकि, वर्तमान में देहुरी की हालत बहुत खराब है और वह ठीक से चल भी नहीं पाती है। ऐसी हालत में पेंशन की उम्मीद में उन्हें रेंगते हुए पंचायत दफ्तर जाना पड़ा, लेकिन 15 सितंबर को गांव में पेंशन नहीं बांटी गई। 18 सितंबर को अधिकारियों ने उनके घर पर जाकर उन्हें पेंशन दिया। जिला प्रशासन ने स्थानीय अधिकारियों को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम उनके घर पर महीने का राशन पहुंचाने का आदेश दिया।

Related Articles

Back to top button