झारखण्डराज्य

झारखंड के इन इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट, चलेंगी 40 KM की स्पीड से हवाएं; वज्रपात की भी चेतावनी

रांची समेत झारखंड के विभिन्न जगहों पर बुधवार की सुबह से बारिश शुरू हुई, जो रुक-रुक कर लगातार होती रही। इससे शहर के कई इलाकों में जल भराव शुरू हो गया। गुरुवार को भी बारिश होने का पूर्वानुमान है। राज्य के पश्चिम बंगाल से सटे जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, कुछ स्थानों पर 30 से 40 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। रांची में अब तक 1174.2 मिमी बारिश हुई, जो कि सामान्य से 16 फीसदी अधिक है। बारिश होने के कारण राजधानी समेत राज्य के तापमान में एक से चार डिग्री तक की कमी आई है। रांची का अधिकतम तापमान बुधवार को 25.0 डिग्री दर्ज किया जो कि पिछले 24 घंटे की तुलना में चार डिग्री कम है। बंगाल की खाड़ी के मध्य हिस्से में निम्न दबाव का क्षेत्र बना था, जो आंध्रप्रदेश और ओडिशा से होते ही झारखंड से छत्तीसगढ़ की तरफ बढ़ा है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राजधानी समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में अगले 24 घंटे बारिश होगी। खासकर उत्तरी जिलों में। खाड़ी में बना निम्न दबाव अब दक्षिणी छत्तीसगढ़ पर केंद्रित है।

कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान राज्य के संताल परगना और पलामू प्रमंडल के जिलों समेत राज्य के उत्तरी भागों में बारिश होगी। इन जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान विभिन्न हिस्सों में अच्छी बारिश हुई। रांची में 15.2 समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में हल्की बारिश हुई। राज्य में मानसून की स्थिति में सुधार हुआ है।

पूर्वी सिंहभूम में 62.6 मिमी बारिश हुई। जबकि, बोकारो में 55.2, धनबाद 54.2, घाटशिला 53.2, गढ़वा 50.2, गोड्डा 36.2, खूंटी 39.8 और पश्चिमी सिंहभूम 24.2 मिमी बारिश हुई। जबकि, इस मानसून के दौरान एक जून से 25 सितंबर तक 959.7 मिमी बारिश हो चुकी है, जो कि सामान्य 992 मिमी से महज तीन फीसदी कम है।

Related Articles

Back to top button