
नई दिल्ली: कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शुक्रवार को पेलेट गन से घायल बताए जा रहे साहिल के साथ संसद मार्ग थाने पहुंचे। राहुल गांधी ने साहिल की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। उन्होंने दावा किया कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर हुए प्रदर्शन के दौरान पेलेट गन चलाई गई थी, जिसमें साहिल के शरीर में 200 से ज्यादा छर्रे लगे हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि साहिल की एक आंख में तीन छर्रे लगे हैं और उसकी रोशनी चली गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि साहिल के दिल के पास भी छर्रे मौजूद हैं, जिन्हें निकाला नहीं जा सकता। राहुल गांधी ने इस दौरान पेलेट गन के छर्रों की एक डिब्बी भी दिखाई।
राहुल बोले- 13 अगस्त से शिकायत दर्ज कराने के लिए लगा रहे चक्कर
राहुल गांधी ने कहा कि साहिल की शिकायत दर्ज कराने के लिए 13 अगस्त से लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन प्राथमिकी दर्ज नहीं की जा रही है। उन्होंने एम्स की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि साहिल के शरीर में 200 से ज्यादा छर्रे हैं और तीन छर्रे उसकी आंख में मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि साहिल की आंख की रोशनी चली गई है और उसके दिल के पास भी छर्रे हैं। राहुल गांधी ने सवाल उठाया कि यदि दिल्ली पुलिस का कहना है कि उसने पेलेट गन का इस्तेमाल नहीं किया, तो फिर यह कार्रवाई किसने की।
राहुल का आरोप- ऊपर से आदेश मिलने की बात कह रही पुलिस
राहुल गांधी ने दावा किया कि पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बताया है कि उन्हें ऊपर से आदेश मिला है और वे प्राथमिकी दर्ज नहीं कर सकते। उन्होंने कहा कि जब तक एफआईआर दर्ज नहीं होती, वह थाने से नहीं हटेंगे।
राहुल गांधी ने कहा कि उनकी मांग केवल इस परिवार के लिए न्याय की है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्रीय गृह मंत्रालय और दिल्ली पुलिस न्याय की प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ने दे रहे हैं।
साहिल के साथ डीसीपी कार्यालय पहुंचे राहुल गांधी
राहुल गांधी साहिल को साथ लेकर संसद मार्ग स्थित डीसीपी कार्यालय पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि 20 जुलाई को जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे साहिल पर पुलिस ने पेलेट गन से हमला किया। राहुल ने इसे शांतिपूर्ण प्रदर्शन के खिलाफ गंभीर अपराध बताया।
उन्होंने कहा कि इस घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री की ओर से छात्रों को कोई सफाई या माफी नहीं दी गई है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि अब साहिल जब न्याय के लिए प्राथमिकी दर्ज कराना चाहता है तो उसे भी रोका जा रहा है।
राहुल बोले- एफआईआर होगी, न्यायिक जांच भी होगी
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि इस तरह संविधान और संवैधानिक अधिकारों को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह पर सवाल उठाते हुए कहा कि न्याय की प्रक्रिया से डरने की वजह क्या है।
उन्होंने कहा कि प्राथमिकी दर्ज होगी और न्यायिक जांच भी होगी। राहुल गांधी ने दावा किया कि इस घटना के लिए ऊपर से नीचे तक जो भी लोग जिम्मेदार होंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि साहिल समेत इस तरह प्रभावित हुए छात्रों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस संघर्ष करेगी।



