पिता से नाराज हुए बेटे ने अपने ही घर में करा दी लाखों की चोरी
करीब 10 लाख रुपये की नकदी एवं 25 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए हैं।
मेरठ। मेरठ में एक युवक ने अपने पिता से नाराज होने पर अपने ही घर में लाखों की चोरी करा दी। थाना नौचन्दी पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा मात्र 4 घंटे में कर दिया। पुलिस ने आरोपी बेटे और उसके तीन दोस्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 10 लाख रुपये की नकदी एवं 25 लाख रुपये के आभूषण बरामद किए हैं।
थाना नौचन्दी पर लिखित तहरीर दी
आशु पुत्र विष्णुदत्त ने थाना नौचन्दी पर लिखित तहरीर दी कि अज्ञात चोरों द्वारा उनके घर का ताला खोलकर अलमारी में रखे करीब 10 लाख 20 हजार रुपये नकद एवं करीब 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए हैं। तहरीर के आधार पर थाना नौचन्दी पर मुकदमा दर्ज कराया गया। घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया।
थाना नौचन्दी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मात्र चार घंटे के भीतर चोरी की घटना का अनावरण कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने पीड़ित के बेटे समर पुत्र आशु शर्मा को उसके घर से तथा अन्य रोहित उर्फ गबरू, ओम सरीन और अंकित को हंस चौराहे की ओर जाने वाली सड़क पर पेठे की दुकान के सामने स्थित बाग से गिरफ्तार किया।



