
श्रद्धा, पवित्रता, आत्मशुद्धि और कठोर अनुशासन का संदेश देता है छठ महापर्व : योगी
गोमती नदी के तट पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर विधिवत उपासना की, ‘भोजपुरिया सनेश’ स्मारिका का किया विमोचन
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि छठ महापर्व भारत की सनातन सांस्कृतिक आत्मा का दिव्य प्रकाश है। यह पर्व हमें श्रद्धा, पवित्रता, आत्मशुद्धि, कठोर अनुशासन और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का संदेश देता है। इस पर्व में जाति-पांति, ऊँच-नीच और छोटे-बड़े का कोई भेद नहीं होता। घाट पर सभी समान भाव से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। सामाजिक समरसता और लोकमंगल की साधना का इससे बेहतर दूसरा उदाहरण नहीं हो सकता। योगी रविवार को यहाँ गोमती नदी के तट पर छठ महापर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने अपने सम्बोधन में भोजपुरी का भी प्रयोग किया। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने गोमती नदी के तट पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देकर विधिवत उपासना की और छठी मईया और भगवान सूर्यदेव से सभी के मनोरथ पूर्ण होने तथा प्रदेशवासियों के सुख-समृद्ध जीवन की कामना की। उन्होंने व्रतियों पर अपने हाथों से पुष्प वर्षा भी की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने ‘भोजपुरिया सनेश’ स्मारिका का विमोचन किया।
योगी ने कहा कि छठ महापर्व प्रकृति, जल और भगवान सूर्य की असीम कृपा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। यह हमारा सौभाग्य है कि उत्तर प्रदेश में माँ गंगा, यमुना, सरयू, राप्ती और गोमती जैसी पवित्र नदियां प्रवाहित होती हैं। छठ व्रत की कठोर साधना, निराहार और निर्जला उपवास, आत्मसंयम तथा अनुशासन का अनुपम उदाहरण है। व्रती प्रकृति से प्राप्त अन्न एवं अन्य पदार्थों से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। इस पर्व की सबसे बड़ी शक्ति मातृशक्ति है। माताएं और बहनें 36 से 37 घण्टे का निर्जला व्रत रखकर न केवल अपने परिवार, बल्कि समाज और राष्ट्र के लोककल्याण की भावना से इस महायज्ञ में सहभागी बनती हैं।

मुख्यमंत्री ने स्व0 शारदा सिन्हा की पावन स्मृति को नमन करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व के अवसर पर स्व0 शारदा सिन्हा जी का स्मरण किए बिना यह पर्व पूर्ण नहीं हो सकता। उन्होंने अपने मधुर स्वर में अनेक लोकप्रिय छठ गीतों के माध्यम से इस महापर्व को देश-दुनिया तक पहुंचाया और इसे वैश्विक पहचान दिलाई। उनके गीतों ने छठी मईया के प्रति श्रद्धा और अपनी माटी की सुगंध को जन-जन के मन में जीवन्त बनाए रखा। वह भौतिक रूप से हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन अपने गीतों और प्रत्येक छठ घाट की गूंज में सदैव जीवित रहेंगी। लोक पर्वों और परम्पराओं को लोक गायन तथा लोक कलाकारों ने नई ऊँचाईयां प्रदान की हैं।
योगी ने कहा कि लखनऊ में भोजपुरी समाज द्वारा दशकों पूर्व प्रारम्भ किया गया छठ महापर्व का आयोजन आज व्यापक स्वरूप ले चुका है। इसमें सभी भाषाओं और क्षेत्रों के लोग उत्साह से सहभागी बन रहे हैं। पद्म पुरस्कार से सम्मानित श्रीमती मालिनी अवस्थी मूल रूप से कानपुर की हैं और अवधी समाज से जुड़ी हैं, लेकिन वह भोजपुरी के साथ-साथ अवधी और हिन्दी लोक गायन में भी समान रूप से पारंगत हैं। यह आयोजन की व्यापकता और सांस्कृतिक एकात्मता का उदाहरण है। पूर्वांचल और बिहार से आए लाखों परिवारों ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और उद्यमशीलता से लखनऊ के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इन परिवारों ने लखनऊ को अपना घर बनाया है और लखनऊ ने भी उन्हें अपने परिवार का हिस्सा माना है। उत्तर प्रदेश की पहचान किसी एक भाषा, क्षेत्र या समुदाय से नहीं, बल्कि समावेशी संस्कृति, विविधता और एकात्मता से है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय भोजपुरी समाज द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि उन्हें जानकारी दी गई है कि छठी मईया के प्रति श्रद्धा और सम्मान व्यक्त करने के लिए लगभग 200 कलाकार लगातार 18 घण्टे तक भोजपुरी गीतों की प्रस्तुति देंगे। यह सांस्कृतिक आयोजन की व्यापकता और समाज की आस्था का परिचायक है। आज श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और शान्तिपूर्ण वातावरण में अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दे रहे हैं। यही वातावरण हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता को मजबूत करता है। कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक तथा अखिल भारतीय भोजपुरी समाज के अध्यक्ष श्री प्रभुनाथ राय ने भी सम्बोधित किया। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य पवन सिंह चौहान एवं मुकेश शर्मा, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।



