
डूबते सूर्य को अर्घ्य देने उमड़ा आस्था का सैलाब, गंगा घाटों पर उमड़ी श्रद्धा की लहर
नमो से अस्सी और दशाश्वमेध से सामने घाट तक व्रतियों का रेला, छठ गीतों से गूंज उठी काशी; कुंडों, तालाबों और पोखरों पर भी उमड़ा जनसमूह, हर किरण में झलका विश्वास, हर घाट पर छठी मइया के गीत; नमो से अस्सी और दशाश्वमेध से राजघाट तक उमड़ा श्रद्धालुओं का रेला, शास्त्री घाट पहुंचे मंत्री रविन्द्र जायसवाल, व्यवस्थाओं पर जताया संतोष, एनडीआरएफ की टीमें रहीं मुस्तैद
–सुरेश गांधी
वाराणसी : गंगा की लहरों पर उतरती सांझ की लालिमा… अस्ताचलगामी सूर्य के स्वागत में उठे हजारों हाथ… सूप में सजे मौसमी फल, नारियल और ठेकुआ… और वातावरण में गूंजते छठी मैया के पारंपरिक गीत। लोकआस्था के महापर्व छठ पर रविवार को काशी का हर घाट भक्ति और श्रद्धा के महासागर में तब्दील हो गया। डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए व्रतियों और श्रद्धालुओं का ऐसा रेला उमड़ा कि गंगा के घाटों से लेकर शहर के कुंड, तालाब और पोखरे तक आस्था के रंग में सराबोर हो उठे।
नमो घाट से अस्सी घाट तक और दशाश्वमेध से सामने घाट तक गंगा का पूरा तट श्रद्धालुओं से गुलजार रहा। भदैनी, तुलसी, शीतला, राजघाट समेत 84 गंगा घाटों पर छठ की छटा देखते ही बन रही थी। बरेका स्थित सूर्य सरोवर, शिवपुर के गणेश पोखरा और शहर के अन्य जलाशयों पर भी व्रतियों ने पूरे विधि-विधान से सूर्यदेव की आराधना की। कहीं परिवार के सदस्य सिर पर पूजन सामग्री से भरा दउरा लेकर घाट पहुंच रहे थे तो कहीं महिलाएं सूप में फल और प्रसाद सजाकर अर्घ्य की प्रतीक्षा कर रही थीं।

छठ गीतों से गूंजे घाट, हर तरफ भक्ति का उल्लास
घाटों पर लोकसंस्कृति की जीवंत तस्वीर दिखाई दी। ‘कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाए…’ और ‘केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल…’ जैसे पारंपरिक छठ गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कहीं महिलाएं समूह में गीत गा रही थीं तो कहीं परिवार के बुजुर्ग नई पीढ़ी को पर्व की परंपराओं और महत्ता से परिचित करा रहे थे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई इस सामूहिक अनुष्ठान का हिस्सा बना। कई परिवारों में पहली बार व्रत रखने वाली महिलाओं को लेकर विशेष उत्साह रहा।
सूर्य की अंतिम किरण के साथ अर्घ्य, मांगा परिवार का मंगल
शाम ढलने के साथ ही व्रती महिलाएं जल में खड़ी होकर अस्ताचलगामी सूर्य की प्रतीक्षा करने लगीं। सूर्य की लालिमा क्षितिज पर उतरते ही हाथों में सूप लेकर भगवान भास्कर को अर्घ्य समर्पित किया गया। दूध और गंगाजल से अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की दीर्घायु, आरोग्य और खुशहाली की कामना की गई। घाटों पर दीपों की टिमटिमाहट और गंगा की लहरों के बीच अर्घ्यदान का दृश्य अत्यंत मनोरम और भावविभोर करने वाला रहा।
शास्त्री घाट पर हर साल बढ़ रहा श्रद्धालुओं का कारवां
कचहरी स्थित शास्त्री घाट पर भी छठ का भव्य नजारा देखने को मिला। यहां हर साल श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। घाट पर व्रतियों और उनके परिजनों की भारी भीड़ जुटी। मंत्री रविन्द्र जायसवाल के निर्देश पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए। सफाई, प्रकाश, सुरक्षा और आवागमन की व्यवस्थाओं पर ध्यान दिया गया, ताकि व्रतियों को अनुष्ठान में असुविधा न हो। घाट पर उमड़ती भीड़ इस पर्व के प्रति लोगों के गहरे लगाव और पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा की मजबूत होती जड़ों की गवाही देती रही।

सुरक्षा का घेरा, ड्रोन से निगरानी
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए। गंगा घाटों, कुंडों और सरोवरों पर एनडीआरएफ की नौ टीमें तैनात की गईं। प्रत्येक टीम में 30 बचावकर्मियों को शामिल किया गया। मोटरबोट, वाटर एंबुलेंस, लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय और प्रशिक्षित गोताखोरों के जरिए जल सुरक्षा सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई। पुलिस ने ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से भीड़ पर नजर रखी। आठ प्रमुख घाटों और सरोवरों पर अग्निशमन कर्मियों की तैनाती की गई।
अब भोर में उगते सूर्य को अर्घ्य, खुलेगा पारण
संध्या अर्घ्य के बाद व्रतियों का निर्जला अनुष्ठान जारी रहेगा। सोमवार की भोर में एक बार फिर घाटों पर आस्था का सैलाब उमड़ेगा। उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। इसके बाद व्रती पारण कर 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत को पूरा करेंगे। छठ का यह अनुष्ठान जीवन का एक गहरा संदेश भी देता है। दुनिया जहां उगते सूर्य को प्रणाम करती है, वहीं छठ डूबते सूर्य को भी समान श्रद्धा से नमन करना सिखाता है। यह बताता है कि उदय जितना शाश्वत सत्य है, अस्त भी उतना ही अटल है। हर अस्त अपने भीतर एक नए सवेरे की संभावना समेटे रहता है।



