मछुआरे के जाल में फंसी अमेजन की दुर्लभ मछली, देखने के लिए दूर-दूर से पहुंचने लगे लोग

बगहा: बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में एक मछुआरे के हाथ दुर्लभ प्रजाति की मछली लग गई है। रामनगर स्थित त्रिवेणी नहर में मछली पकड़ने के दौरान यह अनोखी मछली जाल में फंसी। जैसे ही यह खबर फैली, इस अजीबोगरीब मछली को देखने के लिए दूर-दूर से लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। जानकारी के अनुसार, रामनगर का एक मछुआरा रविवार को त्रिवेणी नहर में मछली का शिकार कर रहा था। जब उसने अपना जाल पानी से बाहर निकाला, तो उसमें एक ऐसी मछली फंसी मिली जिसे उसने पहले कभी नहीं देखा था। यह खबर इलाके में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मछुआरे के पास लोगों का तांता लग गया।
अमेजन नदी में पाई जाती है यह मछली
मामले की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई। वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (VTR) अंतर्गत रामनगर के रेंजर विजय प्रसाद ने बताया कि यह मछली ‘सकर माउथ कैटफिश’ है, जो मुख्य रूप से अमेरिका की अमेजन नदी में पाई जाती है। भारत में इसे ‘कैटफिश’ भी कहा जाता है। इसका रामनगर की नहर में मिलना बेहद आश्चर्यजनक है।
रेस्क्यू कर गंडक नदी में छोड़ा गया
वन विभाग की टीम ने बिना देर किए दुर्लभ मछली का सफल रेस्क्यू किया। रेंजर विजय प्रसाद ने पुष्टि करते हुए बताया कि मछली को कब्जे में लेकर उसे सुरक्षित गंडक नदी में छोड़ दिया गया है, ताकि वह अपने प्राकृतिक आवास में रह सके। अधिकारियों का अनुमान है कि यह मछली गंडक नदी के रास्ते यहां पहुंची होगी। दरअसल, नेपाल स्थित हिमालय से निकलने वाली नारायणी नदी (जिसे भारत में गंडक नदी के नाम से जाना जाता है) से ही त्रिवेणी समेत कई प्रमुख नहरों में पानी सप्लाई होता है। आशंका जताई जा रही है कि यह कैटफिश नेपाल की काली गंडकी नदी के रास्ते बहते हुए रामनगर के त्रिवेणी नहर तक पहुंच गई होगी।



