आंध्र प्रदेश : लगातार दूसरे दिन पूर्व मंत्रियों के घरों पर हमले, YSRCP ने TDP सरकार को घेरा

विजयवाड़ा : आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा जिले के इब्राहिमपट्टनम इलाके में पूर्व मंत्री और जोगी रमेश के घर पर रविवार को हमला हुआ। बड़ी संख्या में आए लोगों ने उनके घर में तोड़फोड़ की, सामान तोड़ा और घर के कुछ हिस्सों में आग लगा दी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों के अनुसार, हमला अचानक नहीं बल्कि पूरी योजना के साथ किया गया। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी (YSRCP ) का आरोप है कि जोगी रमेश को जानबूझकर निशाना बनाया गया, क्योंकि वे एक जाने-माने बीसी (पिछड़ा वर्ग) नेता हैं।
यह घटना ऐसे समय हुई है, जब इससे एक दिन पहले पूर्व मंत्री अंबाती रामबाबू के घर और दफ्तर पर भी हमला हुआ था। आरोप है कि टीडीपी कार्यकर्ताओं ने उनके घर में तोड़फोड़ की और आगजनी की। इस बीच अंबाती रामबाबू को मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू के खिलाफ कथित आपत्तिजनक बयान देने के मामले में 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
वाईएसआरसीपी नेताओं का कहना है कि लगातार हो रहे ये हमले राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल खड़े करते हैं। पार्टी प्रवक्ता कोंडा राजीव गांधी और राष्ट्रीय प्रवक्ता कार्तिक येल्लाप्रगड़ा ने आरोप लगाया कि यह सब सत्तारूढ़ तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) की सहमति और संरक्षण में हो रहा है।
वहीं मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वाईएसआरसीपी की राजनीति हमेशा से अपराध और अराजकता पर आधारित रही है। उन्होंने दावा किया कि 2024 के बाद राज्य में कानून का राज स्थापित किया गया है और किसी को भी कानून तोड़ने की इजाजत नहीं दी जाएगी।



