
गढ़वा: झारखंड के गढ़वा जिले में डायन होने के शक में एक 55 वर्षीय महिला के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। भोजपुर गांव में कुछ ग्रामीणों ने महिला की कथित तौर पर पिटाई की और उस पर डायन होने का आरोप लगाते हुए खौलता हुआ पानी डाल दिया। इस घटना में महिला बुरी तरह झुलस गई।
22 अगस्त को हुई थी घटना
पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर के अनुसार यह घटना 22 अगस्त को नगर उंटारी थाना क्षेत्र के भोजपुर गांव में हुई थी। आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने महिला को डायन बताकर उसके साथ मारपीट की।
इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर महिला के ऊपर खौलता पानी डाल दिया। इससे उसके शरीर पर गंभीर जलने की चोटें आईं।
डायन-प्रथा रोकथाम कानून के तहत केस
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता और डायन-प्रथा रोकथाम कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। घटना के बाद सभी छह आरोपी फरार हो गए थे।
पुलिस ने रविवार को कार्रवाई करते हुए सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी भोजपुर गांव के ही रहने वाले हैं।
कोर्ट ने सभी आरोपियों को भेजा न्यायिक हिरासत में
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने सभी छह आरोपियों को अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।



