राष्ट्रीय

झमाझम बारिश का अलर्ट: यूपी-एमपी समेत 10 राज्यों में बदलेगा मौसम, IMD की चेतावनी

नई दिल्ली। देशभर में फरवरी में ही मार्च जैसी गर्मी महसूस होने लगी है, लेकिन अब मौसम अचानक करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विभाग ने 17 से 19 फरवरी के बीच कई राज्यों में बारिश और कहीं-कहीं बर्फबारी का अलर्ट जारी किया है। तापमान बढ़ने के बीच आने वाला नया पश्चिमी विक्षोभ मौसम का मिजाज बदल सकता है और उत्तर-पश्चिम भारत में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

इन राज्यों में बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, राजस्थान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और तमिलनाडु में अलग-अलग दिनों में बारिश की संभावना है। पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में 17-18 फरवरी को हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है, जबकि मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।

यूपी में हल्की बूंदाबांदी के आसार
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, शामली, गाजियाबाद और नोएडा समेत कई जिलों में 17-18 फरवरी को छिटपुट बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि पूरे प्रदेश में भारी वर्षा की कोई चेतावनी नहीं है।

उत्तराखंड में बारिश और ऊंचाई पर बर्फबारी
मौसम विभाग के मुताबिक चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और उधमसिंह नगर जिलों में 17-18 फरवरी को बारिश की संभावना है। 18-19 फरवरी को भी कुछ इलाकों में बारिश या बर्फबारी जारी रह सकती है।

दिल्ली-एनसीआर में बदलेगा मिजाज
दिल्ली में 17 फरवरी को तापमान 2-3 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिससे दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी। हालांकि अगले 24 घंटे में मौसम बदल सकता है और हल्की बारिश के साथ करीब 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।

हिमाचल में भी बारिश का दौर
हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन, ऊना, हमीरपुर और कुल्लू जिलों में 17-18 फरवरी को बारिश की संभावना है। 18-19 फरवरी को कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है।

जम्मू-कश्मीर और राजस्थान का पूर्वानुमान
जम्मू, श्रीनगर, कुलगाम, कुपवाड़ा, बारामूला, बांदीपोरा और अनंतनाग जिलों में 17 फरवरी को बारिश हो सकती है। वहीं राजस्थान के हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर और चूरू में 17-18 फरवरी को बूंदाबांदी और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

एमपी में गरज-चमक, बिहार में कोहरा
मध्य प्रदेश के सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और होशंगाबाद जिलों में 18-19 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं, जबकि 17 फरवरी को मौसम सामान्य रहेगा। उधर बिहार में फिलहाल बारिश की संभावना नहीं है, लेकिन मिथिलांचल और सीमांचल क्षेत्रों में मध्यम कोहरा और ठंड का असर बना रह सकता है।

ओडिशा में घने कोहरे की चेतावनी
ओडिशा के कुछ इलाकों में 18 फरवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना जताई गई है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो सकती है।

Related Articles

Back to top button