उत्तर प्रदेशराज्यश्रावस्ती

‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम के तहत पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित

राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में आयोजित प्रतियोगिता में 41 छात्राओं ने लिया भाग, श्रद्धा पहले, सुनीता दूसरे व गरिमा तीसरे स्थान पर रहीं, रोल प्ले में शिवांशी प्रथम

श्रावस्ती : राजकीय बालिका इंटर कालेज में सोमवार को स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम के तहत पोस्टर और रोल प्ले प्रतियोगिता आयोजित की गयी। डायरिया के प्रति जागरूकता के लिए प्रिंसिपल एकता यादव की अध्यक्षता में आयोजित प्रतियोगिता में 41 छात्राओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में कक्षा-नौ की श्रद्धा पहले, सुनीता दूसरे और कक्षा -9 की ही गरिमा तीसरे स्थान पर रहीं। रोल प्ले में कक्षा-नौ की शिवांशी प्रथम, अनुपम द्वितीय व वैष्णवी तृतीय रहीं। प्रतियोगिता का आयोजन पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया (पीएसआई इंडिया) और केनव्यू के सहयोग से किया गया।

पोस्टर प्रतियोगिता के माध्यम से छात्र-छात्राओं को डायरिया रोकथाम और प्रबन्धन के बारे में विस्तार से बताया गया। इस मौके पर राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम (आर. के. एस. के.) की जिला समन्वयक बबीता ने बताया कि बच्चे को दिन में तीन बार से अधिक पतली दस्त हो, प्यास ज्यादा लगे और आँखें धंस गयी हों तो यह डायरिया के लक्षण हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में बच्चे को जल्दी से जल्दी ओआरएस का घोल देना शुरू करें और तब तक इस घोल को देते रहें जब तक की दस्त ठीक न हो जाए। इसके साथ ही निकटतम सरकारी स्वास्थ्य केंद्र से सम्पर्क करना चाहिए। इसके अलावा स्थानीय एएनएम या आशा दीदी के सहयोग से जिंक की गोली प्राप्त कर सकते हैं और उनके द्वारा बताये गए तरीके से 14 दिनों तक बच्चों को अवश्य दें।

डायरिया की चपेट में कई कारणों से बच्चे आ सकते हैं, जैसे- दूषित जल पीने से, दूषित हाथों से भोजन बनाने या बच्चे को खाना खिलाने, खुले में शौच करने या बच्चों के मल का ठीक से निस्तारण न करने आदि से। इसलिए डायरिया से बचाव के लिए घर और आस-पास साफ-सफाई रखें। शौच और बच्चों का मल साफ़ करने के बाद, भोजन बनाने और खिलाने से पहले हाथों को साबुन-पानी से अच्छी तरह अवश्य धुलें। ज्ञात हो कि ‘डायरिया से डर नहीं’ कार्यक्रम श्रावस्ती समेत प्रदेश के 13 जनपदों में चलाया जा रहा है, जिसका मुख्य उद्देश्य शून्य से पांच साल तक के बच्चों की डायरिया के कारण होने वाली मृत्यु दर को शून्य करना और दस्त प्रबंधन को बढ़ावा देना है। इस मौके पर पीएसआई इंडिया से पंकज पाठक एवं रमेश कुमार उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यालय की ओर से शिक्षिका कल्पना देवी, सरोजा देवी, सालीया खातून, कुमारी गीता आदि मौजूद रहीं।

Related Articles

Back to top button