राष्ट्रीय
मणिपुर में सुरक्षा बलों का बड़ा एक्शन: तीन जिलों से अलग-अलग संगठनों के 3 उग्रवादी गिरफ्तार

नई दिल्ली: सुरक्षा बलों ने मणिपुर के इंफाल पूर्वी, पश्चिमी और थौबल जिलों में अलग-अलग प्रतिबंधित संगठनों के तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक बयान में सोमवार को यह जानकारी दी गई। बयान में कहा गया कि रविवार को इंफाल पूर्वी जिले के फकनुंग अवांग लेइकाई से ‘पीआरईपीएके’ के एक सक्रिय कैडर को पकड़ा गया।
एक अन्य घटना में, शनिवार को इंफाल पश्चिमी जिले के वांगोई खैदेम लेइकाई में ‘पीआरईपीएके (प्रो)’ के एक उग्रवादी को उसके आवास से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से नौ एमएम की एक पिस्तौल, एक मैगजीन और चार कारतूस जब्त किए गए। बयान में कहा गया कि शनिवार को ही थौबल के यैरिपोक लमखाई इलाके से ‘केवाईकेएल’ संगठन से जुड़े एक उग्रवादी को भी गिरफ्तार किया गया।



