होली से पहले खूनी साजिश: ससुराल ले जाने का बहाना, जंगल में पत्नी की हत्या; फिर पति ने खुद को भी मारा चाकू

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में होली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब मझोला थाना क्षेत्र में पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। सोनकपुर ओवरब्रिज के पास घने जंगल में दोनों के शव पड़े मिले। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति ने पहले पत्नी की हत्या की और उसके बाद उसी चाकू से खुद को भी घायल कर आत्महत्या कर ली।
बुधवार दोपहर करीब दो बजे की यह वारदात बताई जा रही है। मृतकों की पहचान नवीन नगर निवासी विनोद उर्फ विक्की और उसकी पत्नी ममता के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की।
होली मिलने के नाम पर रची गई साजिश
परिजनों के मुताबिक विनोद ने ममता से कहा था कि वह उसे होली मिलने के लिए उसके मायके लेकर जा रहा है। ममता बिना किसी शक के उसके साथ बाइक पर बैठ गई। लेकिन ससुराल जाने के बजाय विनोद उसे सोनकपुर के जंगल की ओर ले गया। सुनसान स्थान पर पहुंचते ही उसने ममता पर चाकू से हमला कर दिया और गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद विनोद ने उसी चाकू से अपने पेट में वार कर लिया, जिससे उसकी भी मौके पर ही मौत हो गई।
नौ साल की शादी, संतान न होने पर तनाव
परिजनों का कहना है कि शादी के नौ साल बाद भी दंपती की कोई संतान नहीं थी। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था। ममता के परिवार ने आरोप लगाया है कि विनोद दूसरी शादी करना चाहता था। इसके लिए वह बिहार भी गया था, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ सकी। ममता ने अपनी मां को बताया था कि उसे संतान न होने को लेकर ताने दिए जाते थे और दूसरी शादी का रास्ता साफ करने के लिए मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
जंगल में मिले शव, पास खड़ी थी बाइक
पुलिस के अनुसार काशीराम कॉलोनी के पास जंगल में दो शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि पति-पत्नी के शव कुछ दूरी पर पड़े थे। घटनास्थल के पास ही उनकी बाइक भी बरामद की गई। जांच में प्रथम दृष्टया यही सामने आया है कि पत्नी की हत्या के बाद पति ने आत्महत्या की।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और हर पहलू को खंगाला जा रहा है।



