राष्ट्रीय

मणिपुर में दो खूंखार उग्रवादी गिरफ्तार, सुरक्षा एजेंसियों की बड़ी सफलता

नई दिल्ली: मणिपुर के अलग-अलग हिस्सों से दो उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। उसने बताया कि रविवार को इंफाल पूर्वी जिले के कोंगपाल चिंगंगबम लीकाई से प्रतिबंधित संगठन ‘सोरेपा’ के एक सदस्य को गिरफ्तार किया गया। उसने बताया कि इस उग्रवादी पर छोटे दुकानदारों से जबरन वसूली करने का आरोप है।

पुलिस ने कहा कि इंफाल पश्चिम जिले के प्रजातंत्र गली से ‘पीपल्स रिवोल्यूशनरी पार्टी ऑफ कांगलेइपाक (पीआरईपीएके)’ के एक सदस्य को पकड़ा गया है। पुलिस के मुताबिक एक अलग अभियान में, तेंगनौपाल जिले में सीमावर्ती शहर मोरेह के एक होटल से तीन संदिग्ध मादक पदार्थ तस्करों को पकड़ा गया।

पुलिस ने बताया कि तस्करों की पहचान लेतमीनलुन खोंगसाई (35), जामगौलेन हाओकिप (28) और देइखोलम चोंगलोई (57) के रूप में हुई है। पुलिस का कहना है कि उनके पास से कुल 2.3 किलोग्राम याबा की गोलियां, दो लाख रुपये नकद, सोने के दो चेन और एक चौपहिया वाहन बरामद किया गया। पुलिस के मुताबिक ये गिरफ्तारियां स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (एनसीबी) समेत विभिन्न एजेंसियों की खुफिया सूचना के आधार पर हुईं।

Related Articles

Back to top button