राजनीतिराष्ट्रीय

‘संसद किसी एक पार्टी की नहीं’, लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव पर राहुल गांधी का हमला; पीएम मोदी को भी घेरा

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर संसद में तीखी बहस जारी है। इस मुद्दे पर सदन में पक्ष और विपक्ष के बीच तीखे आरोप-प्रत्यारोप देखने को मिल रहे हैं। चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के बीच भी तीखी नोकझोंक हुई। अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए सदन में कुल 9 घंटे का समय तय किया गया है। कांग्रेस सांसद मोहम्मद जावेद ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के खिलाफ यह प्रस्ताव सदन में पेश किया।

राहुल गांधी ने अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान कहा कि यह पहली बार है जब लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष को सदन में बोलने नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जुड़े समझौतों के मुद्दे उठाने की कोशिश की, तब उन्हें बोलने से रोक दिया गया।

‘संसद पूरे देश की आवाज’

सदन को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि संसद किसी एक राजनीतिक दल की नहीं है, बल्कि यह पूरे देश की आवाज है। उन्होंने कहा कि यहां लोकतांत्रिक प्रक्रिया और स्पीकर की भूमिका पर चर्चा होनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कई बार सदन में उनका नाम लेकर उनके बारे में तरह-तरह की बातें कही जाती हैं। संसद भारत के लोगों की अभिव्यक्ति का मंच है और यह किसी एक पार्टी का नहीं बल्कि पूरे देश का प्रतिनिधित्व करती है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि जब भी विपक्ष अपनी बात रखने के लिए खड़ा होता है, उसे बोलने से रोक दिया जाता है।

पीएम मोदी पर भी साधा निशाना

राहुल गांधी ने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पिछली बार जब उन्होंने सदन में बोलने की कोशिश की थी, तब उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा किए गए समझौतों को लेकर बुनियादी सवाल उठाया था, लेकिन उन्हें अपनी बात पूरी करने का अवसर नहीं दिया गया।

स्पीकर पद के लिए नया नाम प्रस्तावित

लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान विपक्ष ने स्पीकर पद के लिए नया नाम भी प्रस्तावित किया। समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया ने अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद का नाम लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित किया।

कांग्रेस का सरकार पर हमला

चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल ने भी सरकार को घेरते हुए कई मुद्दे उठाए। उन्होंने एक बार फिर एपस्टीन फाइल और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का मुद्दा सदन में उठाया और सरकार से जवाब मांगा।

तारिक अनवर का भी बयान

कांग्रेस सांसद तारिक अनवर ने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने अपनी बात स्पष्ट रूप से सदन में रखी है। उन्होंने कहा कि दुख की बात है कि सत्ता पक्ष की ओर से जो प्रतिक्रिया सामने आ रही है, वह लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव से ज्यादा विपक्ष के नेता को निशाना बनाने पर केंद्रित दिखाई देती है।

उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि सरकार का पूरा ध्यान विपक्ष के नेता पर है, जिससे साफ है कि सत्ता पक्ष उनके मुद्दों से असहज महसूस कर रहा है।

Related Articles

Back to top button