राष्ट्रीय

कांग्रेस को अकबर रोड स्थित दफ्तर को खाली करने का नोटिस, पार्टी जा सकती है अदालत

नई दिल्ली : कांग्रेस पार्टी को देश की राजधानी में स्थित अपने 2 पुराने दफ्तरों को खाली करने के लिए अंतिम नोटिस मिल गया है। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय के संपदा विभाग ने पार्टी को 24, अकबर रोड और 5, रायसीना रोड स्थित अपने दोनों कार्यालय 28 मार्च तक खाली करने का आदेश दिया है। बता दें कि अकबर रोड का बंगला 1978 से कांग्रेस का मुख्यालय था। पूरे 48 साल तक यहां पार्टी का दफ्तर चला और तमाम रणनीतियां तय हुईं। पिछले साल कांग्रेस ने कोटला मार्ग पर इंदिरा भवन में अपना नया मुख्यालय बना लिया है, लेकिन अकबर रोड वाला पुराना दफ्तर अभी भी इस्तेमाल में है।

वहीं, रायसीना रोड वाले दफ्तर में भारतीय युवा कांग्रेस और NSUI के दफ्तर चल रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, नोटिस कुछ दिन पहले ही जारी किया गया है और इसमें पार्टी को एक हफ्ते का भी समय नहीं दिया गया है। सूत्र बताते हैं कि यह अंतिम नोटिस है। कांग्रेस ने अभी तक इस मामले पर अपनी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि इस अचानक आए नोटिस पर अभी रणनीति बनाई जा रही है और जरूरत पड़ी तो कांग्रेस अदालत भी जा सकती है। कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम ने कहा, ‘सरकार को अपने नियम सभी पर समान रूप से लागू करने चाहिए। किसी एक पार्टी को निशाना नहीं बनाना चाहिए।’

Related Articles

Back to top button