
Ram Mandir: सूर्य की किरणों ने किया रामलला का सूर्यतिलक; जय श्री राम के उदघोष से गूंजा मंदिर परिसर, देखें भव्य नजारा
अयोध्या: प्रभु श्रीराम के बालस्वरूप रामलला के जन्मोत्सव पर ठीक 12 बजे राममंदिर स्थित गर्भगृह में स्थापित रामलला की भव्य दिव्य प्रतिमा के ललाट पर भगवान सूर्य की किरणों ने सूर्यतिलक कर उनका अभिषेक किया। राम का जन्म होते ही राममंदिर का संपूर्ण परिसर जय श्री राम के गगनभेदी नारों से गुंजायमान हो गया, घंटा घड़यिाल और मृदंग मंजीरों के मधुर संगीत के साथ प्रगट भए कृपाला दीन दयाला के भजन से रामभक्त श्रद्धालु झूम उठे। श्रीराम जन्मभूमि मंदिर परिसर राममय हो गया।
राममंदिर परिसर को फूलों से सजाया गया
रामजन्मोत्सव की शुरुआत प्रभु श्रीराम के पंचामृत महाभिषेक से प्रात: 9 बजे ही शुरू हो गयी थी। राममंदिर परिसर को फूलों से सजाया गया। प्रभु श्रीराम का श्रृंगार किया गया और रामलला को पीला वस्त्र धारण कराया गया। रामलला को भोग प्रसाद ग्रहण कराने के बाद उनकी आरती उतारी गई। प्रभु श्रीराम के सूर्यतिलक का जिम्मा केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान रुड़की और भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान बंगलूरू ने लिया है। दस वर्षों का श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र और केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान के बीच सूर्यतिलक कार्यक्रम के आयोजन का अनुबंध हुआ है। सूर्य की किरणें प्रभु श्रीराम के ललाट पर कुल छ मिनट तक अभिषेक किया।
सभी मंदिरों में एक साथ मनाया गया उत्सव
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के सदस्य डॉ अनिल मिश्र ने बताया कि प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव पर संपूर्ण अयोध्या राममय है। अयोध्या का रामनवमी प्रमुख उत्सव है। सुबह से ही रामभक्त रामलला का दर्शन करने के लिए उत्सुक है। रामजन्म के इस अलौकिक क्षण का हर कोई भक्त साक्षी बनना चाहता है। अयोध्या के सभी मंदिरों में यह उत्सव एक साथ मनाया जाता है। रंगमहल के महंत रामशरण दास ने कहा कि रामभक्त आज के दिन और समय का वर्ष भर प्रतीक्षा करते हैं। प्रभु श्रीराम के जन्मोत्सव में भाग लेकर अपने जीवन को धन्य करते हैं।
20 लाख से अधिक भक्तों ने किया सरयू में स्नान
विपरीत मौसम के बीच दिन में 12 बजे तक 20 लाख से अधिक भक्तों ने सरयू में स्नान किया और दान किया। रामपथ सहित अयोध्या के सड़कों पर भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा है। जय श्रीराम के जयकारे लगाते भक्त राममंदिर, दशरथ महल, कनक भवन, राम बल्लभा कुंज, रंगमहल, हनुमान गढ़ी में दर्शन पूजन अर्चन कर रहे हैं। रामभक्त प्रभु श्रीराम का दर्शन करने के बाद एक दूसरे को रामजन्मोत्सव की बधाई भी दे रहे हैं।



