
पटना। राजधानी में रसोई गैस की लगातार बढ़ती मांग और एलपीजी सिलिंडर की कमी को देखते हुए पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन का विस्तार तेज कर दिया गया है। जिला प्रशासन और गेल (गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड) की संयुक्त पहल से उपभोक्ताओं तक पीएनजी को सुरक्षित और नियमित रूप से पहुंचाने के लिए विशेष कदम उठाए जा रहे हैं।
अधिक मैनपावर और तेज प्रक्रिया
पीएनजी कनेक्शन वितरण के लिए जिला प्रशासन ने गेल को अतिरिक्त कर्मियों की व्यवस्था कर दी है। इन कर्मियों को एक सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे कनेक्शन देने की प्रक्रिया और तेज होगी। अधिकारियों का अनुमान है कि मैनपावर बढ़ने के बाद प्रतिदिन मिलने वाले कनेक्शन की संख्या दोगुनी हो सकती है।
विशेष शिविर में रोजाना कनेक्शन
गेल के 35 कांट्रैक्टर के माध्यम से शहर में पीएनजी कनेक्शन दिए जा रहे हैं। जिला प्रशासन की निगरानी में प्रतिदिन पांच अलग-अलग स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां रोजाना 80 से 100 नए कनेक्शन दिए जा रहे हैं। राजधानी में अब तक करीब 30,500 उपभोक्ताओं को पीएनजी कनेक्शन मिल चुका है और आने वाले दिनों में यह संख्या और बढ़ाई जाएगी।
सुरक्षित और सुविधाजनक विकल्प
अधिकारियों का कहना है कि पीएनजी एलपीजी सिलिंडर की तुलना में अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक है। इसमें गैस की लगातार आपूर्ति होती रहती है, जिससे उपभोक्ताओं को बार-बार बुकिंग और सिलिंडर डिलीवरी की परेशानी नहीं उठानी पड़ती। यही कारण है कि शहर में इसकी मांग तेजी से बढ़ रही है।
ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन की सुविधा
उपभोक्ता पीएनजी कनेक्शन के लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से या सीधे कार्यालय जाकर ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के बाद तकनीकी जांच और पाइपलाइन उपलब्धता के आधार पर कनेक्शन प्रदान किया जाता है। उपभोक्ता पीएनजी कंट्रोल रूम के नंबर 6287032999 और 6287031999 पर कॉल करके भी रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं।
कनेक्शन विस्तार के लिए प्राथमिक इलाके
पटना के महुआबाग, धनौत, सिद्धेश्वर नगर, रूपसपुर, त्रिशूल विहार, लोहिया पथ, राम नगरी, एजी कालोनी, आकाशवाणी रोड, जगदेव पथ, आइजीआइएमएस, इंद्रपुरी, राजाबाजार, एनटीपीसी फेज-1, 2 व 3, रुकनपुरा, खाजपुरा, सगुना मोड़, खगौल, गोला रोड, बेली रोड, शास्त्रीनगर, बोरिंग कैनाल रोड, पाटलिपुत्रा, किदवईपुरी और गर्दनीबाग सहित कई इलाकों में पीएनजी पाइपलाइन पहले से उपलब्ध है और इन क्षेत्रों में लगातार विस्तार किया जा रहा है।



