दिल्लीराज्य

दिल्ली विधानसभा की सुरक्षा पर सवाल, स्पीकर करेंगे समीक्षा बैठक; पुलिस और CRPF के अधिकारी रहेंगे मौजूद

नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में सुरक्षा में चूक मामले में विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता जल्द सुरक्षा को लेकर समीक्षा बैठक करेंगे। दिल्ली पुलिस, सीआरपीएफ, दिल्ली सरकार के अधिकारियों सहित विभिन्न एजेंसियों को बैठक में शामिल किया जाएगा। विधानसभा की सुरक्षा को लेकर विभिन्न पहलुओं पर विचार किया जाएगा। सूत्र ने कहा कि विधानसभा के सभी चारों गेटों पर मजबूती बढ़ाने के साथ साथ खासकर गेट नंबर- दो को और मजबूत किया जाएगा। यह वही गेट है जहां से सोमवार को एक व्यक्ति गेट को तोड़कर अवैध रूप से विधानसभा में घुस गया था।

वहीं विधानसभा के मेट्राे स्टेशन वाली सड़क की तरफ वाली चारदीवारी को भी ऊपर तक कवर किए जाने पर विचार किया जा सकता है। विधानसभा परिसर की यह चारदीवारी पूरी तरह से खुली हुई है जिसमें सड़क के फुटपाथ पर खडे़ होकर विधानसभा परिसर के अंदर की गतिविधियाें पर नजर रखी जा सकती है जो सुरक्षा के लिहाज से ठीक नहीं है।

दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ने की धमकियां
यहां बता दें कि पिछले कुछ माह से दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ने की धमकियां ईमेल से मिल रही हैं। यहां तक कि बजट सत्र शुरू होने वाले दिन 23 मार्च और उसके बाद 24 मार्च फिर 25 मार्च को लगातार दिल्ली विधानसभा के ईमेल पर और विधानसभा अध्यक्ष के ईमेल आइडी पर भी धमकी भरे मेल प्राप्त हुए थे। जिसमें कहा जा रहा था कि विधानसभा को बम से उड़ा दिया जाएगा। विधानसभा द्वारा इसकी सूचना दी गई, मगर सुरक्षा जांच में में ऐसा कुछ नहीं मिला था। उसके बाद से लगातार यह मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है।

मगर अब सोमवार को जिस तरीके से एक व्यक्ति द्वारा कार के साथ गेट तोड़कर अंदर प्रवेश करने की घटना हुई है। इससे सुरक्षा को लेकर और माहौल गर्मा गया है। विधानसभा में 44 सुरक्षाकर्मी तैनात हैे जिसमें 21 सीआरपीएफ के जवान हैं बाकी दिल्ली पुलिस के कर्मी हैं।

6 मिनट तक परिसर में रहना, सुरक्षा में गंभीर चूक
इस सब के बाद भी इस तरीके की घटना हो जाना और अवैध रूप से घुसे व्यक्ति के 6 मिनट तक विधानसभा परिसर में रहना, यह बताता है कि सुरक्षा में कहीं-कहीं कमी जरूर है। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर विधानसभा अध्यक्ष बैठक में सुरक्षा एजेंसियों के लोगों से चर्चा करेंगे। बताया जा रहा है कि सभी गेटों पर सुरक्षा को मजबूत करने के लिए और प्रबंध किए जाने पर भी विचार किया जा सकता है।

Related Articles

Back to top button