उत्तर प्रदेश

शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद को जान से मारने की धमकी, अतीक अहमद जैसा हाल करने का मिला ऑडियो मैसेज

वाराणसी : ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती को जान से मारने की धमकी मिलने से उनके अनुयायियों में हड़कंप मच गया है। मीडिया प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि ज्योतिर्मठ (Jyotirmath) के आधिकारिक नंबर पर धमकी भरे मैसेज और ऑडियो भेजे गए हैं। इससे पहले भी शंकराचार्य को जान से मारने की चेतावनी मिल चुकी है।

मीडिया प्रभारी के अनुसार, शंकराचार्य ‘गौ माता-राष्ट्रमाता’ अभियान चला रहे हैं, जिसका उद्देश्य भारत में गौ हत्या को रोकना है। 3 मई से उत्तर प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र में उनकी गविष्ठी यात्रा तय है। इस यात्रा के दौरान वह लोगों को गौ रक्षा के लिए प्रेरित करेंगे और हर विधानसभा क्षेत्र में रामा गौ धाम निर्माण की पहल करेंगे।

संजय पांडेय ने कहा कि यही अभियान सनातन विरोधियों को पसंद नहीं आया। 1 अप्रैल को ज्योतिर्मठ के नंबर पर लगातार धमकी भरे मैसेज भेजे गए। नंबर ब्लॉक करने पर 6 अप्रैल को दो ऑडियो संदेश वॉइस मेल के माध्यम से भेजे गए, जिसमें शंकराचार्य को अतीक अहमद जैसी मारने की धमकी दी गई। मामले में जल्दी ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले, श्री कृष्ण जन्मभूमि मुक्ति निर्माण ट्रस्ट (मथुरा) के अध्यक्ष आशुतोष ब्रह्मचारी को भी जान से मारने की धमकी मिली थी। उनके और उनके अधिवक्ता को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। पुलिस जांच में धमकी भेजने वाला मोबाइल नंबर पाकिस्तान का पाया गया, जिससे यह मामला अंतरराष्ट्रीय साजिश और सुरक्षा में बड़ी चूक की ओर इशारा करता है।

यह धमकी मामला स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से जुड़े कानूनी विवाद से शुरू हुआ। आशुतोष ब्रह्मचारी ने उच्च न्यायालय द्वारा उन्हें दी गई अग्रिम जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (SLP) दाखिल की थी। आशुतोष के अनुसार, 25 मार्च को सुप्रीम कोर्ट में पैरवी तेज करने के बाद धमकियों का सिलसिला शुरू हो गया।

Related Articles

Back to top button