
घाघरा पर बनेगा 5 KM का सबसे लंबा पुल, 3350 करोड़ के 84 कोसी परिक्रमा मार्ग का निर्माण तेज
परसपुर (गोंडा)। अयोध्या से जुड़े बहुप्रतीक्षित 84 कोसी परिक्रमा मार्ग परियोजना ने रफ्तार पकड़ ली है। 3350 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे 275 किलोमीटर लंबे इस गोलाकार मार्ग के तहत घाघरा नदी पर करीब 5 किलोमीटर लंबा पुल बनाया जाएगा, जो देवीपाटन मंडल का अब तक का सबसे लंबा सेतु होगा।
पांच जिलों को जोड़ने वाला बड़ा प्रोजेक्ट
यह परिक्रमा मार्ग अयोध्या, बस्ती, अंबेडकर नगर, बाराबंकी और गोंडा जिलों से होकर गुजरेगा। कुल 275 किलोमीटर लंबे इस मार्ग का करीब 75 किलोमीटर हिस्सा गोंडा जिले में पड़ता है। यह मार्ग परसपुर के बहुअन मदार माझा से जिले में प्रवेश कर नवाबगंज होते हुए आगे बस्ती जिले की ओर जाएगा।
45 मीटर चौड़ा आधुनिक मार्ग तैयार
परियोजना के तहत 45 मीटर चौड़ा मार्ग विकसित किया जा रहा है। बहुअन मदार माझा के सुकईपुरवा से शुरू होकर यह सड़क राजापुर, पूरेलाली, नंदौर, सकरौर, बनुआ बखरिया, बरौली, मुकुंदपुर, उमरीबेगमगंज, तरबगंज होते हुए नवाबगंज तक जाएगी और फिर बस्ती में प्रवेश करेगी। यह मार्ग क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा।
घाघरा और सरयू पर बनेंगे बड़े पुल
परिक्रमा मार्ग के बीच घाघरा और सरयू नदियां पड़ती हैं, जहां एक-एक बड़े पुल का निर्माण किया जा रहा है। घाघरा नदी पर बनने वाला करीब 5 किलोमीटर लंबा पुल इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत है। अभी तक बहराइच के चहलारी घाट पर बना 3.26 किलोमीटर लंबा पुल क्षेत्र का सबसे बड़ा सेतु माना जाता है, जिसे यह नया पुल पीछे छोड़ देगा।
निर्माण के लिए लगाए गए प्लांट, तेज हुई गतिविधियां
पुल निर्माण को गति देने के लिए गोंडा और बाराबंकी की ओर नदी के मुहाने पर प्लांट स्थापित किए जा चुके हैं। सरयू नदी पर पुल निर्माण से पहले नदी के प्रवाह को बनाए रखने के लिए सीमेंट पाइप डालकर अस्थायी रास्ता तैयार किया जा रहा है, जिससे निर्माण सामग्री आसानी से पहुंचाई जा सके।
परिक्रमार्थियों के लिए अस्थायी पीपा पुल तैयार
84 कोसी परिक्रमा में शामिल श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कमियार माझा के पास घाघरा नदी पर अस्थायी पीपा पुल भी बनाया गया है। 15 अप्रैल से जिले में प्रवेश करने वाले परिक्रमार्थियों के आवागमन को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है। संबंधित अभियंताओं के मुताबिक परिक्रमा मार्ग और पुल निर्माण का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है।



