
गाजियाबाद में 500 झुग्गियों में लगी भीषण आग, एक-एक कर फट रहे सिलिंडर; धमाकों से दहल उठे लोग
गाजियाबाद : गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के कनवानी गांव में बृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में 500 से अधिक झुग्गियां (500 Slums) देखते ही देखते जलकर राख हो गईं। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि दूर से ही दिखाई दे रही थीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
आग पर काबू पाने के लिए दर्जनों दमकल गाड़ियां लगाई गई हैं। अग्निशमन अभियान में कई घंटे लगने की संभावना है क्योंकि आग बड़े क्षेत्र में फैली है। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल की टीमों ने युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू किया। आग बुझाने के लिए लगातार पानी की बौछारें की जा रही हैं। स्थानीय निवासियों ने भी अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझाने में मदद की कोशिश की।
इस भीषण अग्निकांड से सैकड़ों परिवारों का आशियाना उजड़ गया है। उनके पास खाने-पीने और रहने का कोई साधन नहीं बचा है। आग से हुए भारी नुकसान का आकलन किया जाएगा। पुलिस ने आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।



