उत्तर प्रदेशराज्य

लखनऊ से नोएडा के लिए 15 जून से शुरू होगी सीधी फ्लाइट, जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से इंडिगो ने जारी किया शेड्यूल

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ अब गौतमबुद्ध नगर स्थित जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधे हवाई मार्ग के जरिए जुड़ने जा रही है। इंडिगो एयरलाइन 15 जून 2026 से लखनऊ के चौधरी चरण सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट, अमौसी और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच नियमित विमान सेवा शुरू करेगी। इस नई सेवा के शुरू होने से दोनों शहरों के बीच हवाई यात्रा और अधिक आसान हो जाएगी।

इंडिगो एयरलाइन को इस रूट पर संचालन की मंजूरी मिल चुकी है। लखनऊ से नोएडा तक की यह यात्रा करीब एक घंटे में पूरी होगी।

सुबह लखनऊ से उड़ान, शाम को वापसी

इंडिगो द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार फ्लाइट संख्या 6E 2278 रोजाना सुबह 7:05 बजे लखनऊ से उड़ान भरेगी और सुबह 8:05 बजे जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचेगी।

इसके बाद यही विमान सुबह 8:35 बजे नोएडा से रवाना होकर बेंगलुरु के लिए उड़ान भरेगा और सुबह 11:05 बजे वहां पहुंचेगा।

वहीं वापसी में फ्लाइट संख्या 6E 2279 दोपहर 3:45 बजे बेंगलुरु से उड़ान भरकर शाम 6:20 बजे नोएडा पहुंचेगी। इसके बाद यही विमान शाम 6:55 बजे जेवर एयरपोर्ट से रवाना होकर रात 8 बजे लखनऊ पहुंचेगा।

जेवर एयरपोर्ट से घरेलू उड़ानों का विस्तार शुरू

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च 2026 को गौतमबुद्ध नगर स्थित एशिया के सबसे बड़े जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था। एयरपोर्ट से अब घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के संचालन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

इसी क्रम में इंडिगो एयरलाइन ने शुक्रवार को लखनऊ-नोएडा और नोएडा-बेंगलुरु रूट की फ्लाइट्स का कार्यक्रम जारी किया। 15 जून से इन उड़ानों का नियमित संचालन शुरू किया जाएगा।

पहले चरण में 10 बड़े शहरों को जोड़ा जाएगा

जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के शुरुआती संचालन चरण में देश के प्रमुख शहरों को जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। पहले चरण में मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता, पुणे, अहमदाबाद, चेन्नई, गोवा, जयपुर और लखनऊ समेत दस बड़े शहरों के लिए उड़ानें शुरू की जाएंगी।

एयरलाइंस कंपनियां फिलहाल शेड्यूलिंग और अंतिम मंजूरियों की प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हैं। उद्घाटन के लगभग 45 दिनों से दो महीने के भीतर कमर्शियल उड़ानों का संचालन शुरू करने की योजना बनाई गई थी।

पश्चिमी यूपी और एनसीआर को मिलेगा बड़ा फायदा

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट शुरू होने के बाद नोएडा, ग्रेटर नोएडा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लोगों को हवाई यात्रा में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है। एयरलाइंस की रणनीति के तहत पहले चरण में उन शहरों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां यात्रियों की मांग सबसे अधिक है और बिजनेस ट्रैफिक लगातार बना रहता है।

सरकार और एयरलाइंस कंपनियों का मानना है कि इससे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को देश के बड़े शहरों तक पहुंचने में आसानी होगी।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए करना होगा इंतजार

हालांकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार के लिए अभी कुछ और समय लग सकता है। अधिकारियों के मुताबिक वर्ष 2026 के बाद के चरणों में अंतरराष्ट्रीय रूट्स को पूरी तरह विकसित किया जाएगा। फिलहाल पूरा फोकस घरेलू उड़ानों के सफल संचालन और नेटवर्क विस्तार पर रखा गया है।

Related Articles

Back to top button