
Census 2027: 21 मई तक घर बैठे करें स्व-गणना, मोबाइल से भरें पूरी जानकारी; सुरक्षित रखें Self Enumeration ID
देशभर में जनगणना-2027 की प्रक्रिया को डिजिटल और आसान बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। गृह मंत्रालय भारत सरकार की ओर से संचालित जनगणना-2027 के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ के तहत गुरुवार से स्व-गणना प्रक्रिया शुरू हो गई है। यह अभियान 21 मई तक चलेगा। इस दौरान नागरिक अपने मोबाइल फोन या कंप्यूटर के जरिए घर बैठे ऑनलाइन अपनी जनगणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे।
मोबाइल नंबर से होगा रजिस्ट्रेशन
स्व-गणना के लिए नागरिकों को निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर जाकर पंजीकरण करना होगा। प्रक्रिया के तहत परिवार के मुखिया को मोबाइल नंबर के जरिए रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद ओटीपी सत्यापन के माध्यम से लॉगिन पूरा किया जाएगा।
नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार हिंदी, अंग्रेजी समेत 16 भाषाओं में से किसी एक भाषा का चयन कर सकेंगे। इसके बाद राज्य, जिला, गांव या नगर, मकान संख्या और लोकेशन से जुड़ी जानकारी भरनी होगी। साथ ही मैप पर अपने घर की लोकेशन को लाल निशान से टैग करना अनिवार्य होगा।
परिवार और मकान से जुड़े 33 सवाल पूछे जाएंगे
ऑनलाइन पोर्टल पर परिवार और मकान से संबंधित करीब 33 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनमें मकान की स्थिति, पेयजल व्यवस्था, बिजली, शौचालय, रसोई, इंटरनेट सुविधा, मोबाइल, टीवी, वाहन और परिवार के सदस्यों की संख्या जैसी जानकारियां शामिल रहेंगी।
प्रत्येक प्रश्न के साथ दिए गए ‘आई’ बटन पर क्लिक कर नागरिक आवश्यक दिशा-निर्देश और जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे, ताकि फॉर्म भरने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सबमिट करते ही मिलेगी Self Enumeration ID
संपूर्ण जानकारी भरने और सत्यापन के बाद जैसे ही नागरिक सबमिट बटन दबाएंगे, उन्हें एक सेल्फ एनुमरेशन आईडी यानी SEID जारी की जाएगी। अधिकारियों ने इस आईडी को सुरक्षित रखने की अपील की है।
बताया गया है कि 22 मई से जब जनगणना अधिकारी या प्रगणक सत्यापन के लिए घर पहुंचेंगे, तब नागरिकों को केवल यही SEID दिखानी होगी। इसके बाद दोबारा पूरी जानकारी देने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
लोगों से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील
प्रशासनिक अधिकारियों ने नागरिकों से स्व-गणना प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। लोगों से कहा गया है कि वे अपने परिवार, पड़ोसियों और परिचितों को भी इस अभियान के प्रति जागरूक करें और जनगणनाकर्मियों को आवश्यक सहयोग दें।
अधिकारियों के मुताबिक स्व-गणना की प्रक्रिया कुल 8 चरणों में पूरी होगी। इसमें पोर्टल खोलने से लेकर मोबाइल नंबर से पंजीकरण, भाषा चयन, पता और लोकेशन भरना, परिवार और मकान की जानकारी दर्ज करना, विवरण की जांच, सबमिट कर SEID प्राप्त करना और सत्यापन के दौरान उसे दिखाना शामिल है।
22 मई से घर-घर जाएंगे प्रगणक
जनगणना विभाग के अनुसार 7 मई से 21 मई तक स्व-गणना की प्रक्रिया चलेगी। इसके बाद 22 मई से प्रगणक घर-घर जाकर सत्यापन का काम शुरू करेंगे। अधिकारियों का कहना है कि जो नागरिक पहले से स्व-गणना कर SEID प्राप्त कर लेंगे, उन्हें सत्यापन प्रक्रिया में काफी सहूलियत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 देश की महत्वपूर्ण सांख्यिकीय और विकासात्मक प्रक्रिया है। नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही सटीक और प्रभावी आंकड़े जुटाए जा सकेंगे, जो भविष्य की योजनाओं और विकास कार्यों के लिए बेहद अहम होंगे।



