आसमान में बंद हो गए विमान के दोनों इंजन, समुद्र में उतारना पड़ा प्लेन… 5 घंटे तक मौत से जंग लड़ते रहे 11 यात्री

वॉशिंगटन: अमेरिका के फ्लोरिडा तट के पास एक बड़ा विमान हादसा टल गया, जब उड़ान के दौरान एक छोटे विमान के दोनों इंजन अचानक बंद हो गए। हालात इतने गंभीर हो गए कि पायलट को मजबूरन समुद्र में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। विमान में सवार सभी 11 लोगों को बाद में सुरक्षित बचा लिया गया। इस पूरी घटना को किसी चमत्कार से कम नहीं माना जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक हादसे के वक्त विमान की लगभग पूरी तकनीकी प्रणाली ने काम करना बंद कर दिया था। पायलट इयान निक्सन ने बताया कि अचानक दोनों इंजन बंद हो गए, नेविगेशन सिस्टम फेल हो गया और संचार व्यवस्था भी ठप पड़ गई। ऐसी स्थिति में विमान को नियंत्रित रखना बेहद मुश्किल हो गया था।
पायलट बोला- 25 साल में पहली बार देखा ऐसा मंजर
बहामास के रहने वाले 43 वर्षीय अनुभवी पायलट इयान निक्सन ने कहा कि उन्होंने अपने 25 साल के करियर में कभी ऐसी स्थिति का सामना नहीं किया। उनके मुताबिक उन्होंने रेडियो के जरिए मदद मांगने की कोशिश की, लेकिन उन्हें यह तक पता नहीं था कि उनका संदेश किसी तक पहुंच भी रहा है या नहीं।
पायलट ने बताया कि उस वक्त उनका पूरा ध्यान सिर्फ विमान को संतुलित रखने और यात्रियों की जान बचाने पर था। समुद्र में सुरक्षित लैंडिंग के बाद उनके मन में सबसे पहला विचार यही आया कि सभी लोग जिंदा बच गए।
समुद्र में 5 घंटे तक फंसे रहे यात्री
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद विमान में सवार सभी लोग लाइफ राफ्ट के सहारे समुद्र में कई घंटों तक फंसे रहे। रिपोर्ट्स के मुताबिक यात्रियों को करीब पांच घंटे तक बचाव दल का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान विमान का इमरजेंसी लोकेटर ट्रांसमीटर सक्रिय हो गया, जिससे अमेरिकी कोस्ट गार्ड को हादसे की जानकारी मिली।
संयोग से उसी समय अमेरिकी वायुसेना की एक रेस्क्यू टीम ट्रेनिंग मिशन पर पहले से हवा में मौजूद थी। सूचना मिलते ही हेलीकॉप्टर और बचाव दल को तुरंत घटनास्थल की ओर रवाना किया गया।
अमेरिकी वायुसेना ने चलाया बड़ा बचाव अभियान
बचाव अभियान में अमेरिकी वायुसेना के HC-130J Combat King II विमान, HH-60W Jolly Green II हेलीकॉप्टर और विशेष पैरारेस्क्यू टीम को लगाया गया। रेस्क्यू टीम ने समुद्र में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
बाद में हेलीकॉप्टर की मदद से सभी लोगों को मेलबर्न ऑरलैंडो इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचाया गया, जहां मेडिकल टीम पहले से तैनात थी। अधिकारियों के अनुसार सभी यात्रियों की हालत स्थिर है।
एयरफोर्स अधिकारी ने बताया चमत्कार
बचाव अभियान में शामिल अमेरिकी वायुसेना की अधिकारी मेजर एलिजाबेथ पियोवाटी ने कहा कि इतनी खतरनाक स्थिति के बावजूद सभी लोगों का सुरक्षित बच जाना किसी चमत्कार से कम नहीं है।
वहीं 920th Operations Group के कमांडर कर्नल चैड ब्लूमस्टीन ने इस ऑपरेशन को एयरफोर्स की प्रोफेशनल ट्रेनिंग और टीमवर्क का शानदार उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि उनकी टीम को गर्व है कि वह 11 लोगों की जान बचाने में सफल रही।
हादसे की जांच शुरू
घटना के बाद अमेरिकी विमानन प्राधिकरण FAA और बहामास के अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उड़ान के दौरान विमान की पूरी तकनीकी प्रणाली अचानक कैसे फेल हो गई।



