राज्यहरियाणा

गुरुग्रामवासियों को बड़ी राहत: जून से मिलेगा 100 MLD अतिरिक्त पानी, गर्मियों में नहीं होगी जल संकट की परेशानी

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम में गर्मियों के दौरान पानी की किल्लत से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) जून महीने में चंदू-बुढ़ेड़ा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की पांचवीं यूनिट शुरू करने जा रही है। इसके चालू होने के बाद शहर को 100 एमएलडी अतिरिक्त पेयजल मिलेगा, जिससे करीब 40 लाख लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

अधिकारियों के मुताबिक, गर्मियों में गुरुग्राम में पानी की मांग 700 एमएलडी से अधिक पहुंच जाती है। ऐसे में नई यूनिट शुरू होने से शहर की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने में काफी मदद मिलेगी और लोगों की निर्भरता भूमिगत जल तथा टैंकरों पर कम होगी।

तेजी से चल रहा निर्माण कार्य

जीएमडीए अधिकारियों के अनुसार चंदू-बुढ़ेड़ा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में पांचवीं यूनिट स्थापित करने का काम तेजी से किया जा रहा है। यह यूनिट पूरी तरह शुरू होने के बाद प्लांट की क्षमता में 100 एमएलडी की बढ़ोतरी हो जाएगी।

विभाग का कहना है कि परियोजना तय समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ रही है और जून 2026 तक इसे पूरी तरह संचालित कर दिया जाएगा। इस यूनिट के लिए 66 केवीए सब स्टेशन से बिजली आपूर्ति की व्यवस्था भी की जा रही है।

पहले भी मिल चुकी है राहत

इससे पहले मई 2025 में जीएमडीए ने चंदू प्लांट में 100 एमएलडी क्षमता वाली एक अन्य यूनिट शुरू की थी। उस यूनिट के शुरू होने के बाद भी गर्मियों में पानी की समस्या से काफी हद तक राहत मिली थी।

जीएमडीए के एक्सईएन अभिनव वर्मा ने बताया कि शहर की लगातार बढ़ती आबादी और तेजी से हो रहे निर्माण कार्यों को देखते हुए जलापूर्ति क्षमता बढ़ाने पर लगातार काम किया जा रहा है।

700 एमएलडी से ज्यादा पहुंच जाती है मांग

वर्तमान में चंदू-बुढ़ेड़ा और बसई वाटर ट्रीटमेंट प्लांट मिलकर गुरुग्राम को करीब 670 एमएलडी नहरी पेयजल उपलब्ध करा रहे हैं। हालांकि गर्मियों में मांग बढ़कर 700 एमएलडी से ऊपर पहुंच जाती है।

मांग और आपूर्ति के बीच अंतर के कारण कई सेक्टरों में पानी की सप्लाई प्रभावित होती है, जबकि अंतिम छोर के इलाकों में जल संकट अधिक गहरा जाता है। फिलहाल करीब 30 से 40 एमएलडी की कमी को पूरा करने के लिए बोरवेल के जरिए पानी की आपूर्ति की जा रही है।

नई यूनिट के शुरू होने के बाद शहर में जलापूर्ति व्यवस्था और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles

Back to top button