Meta का बड़ा दांव: Facebook, Instagram और WhatsApp के लिए लॉन्च किए पेड प्लान, यूजर्स को मिलेंगे प्रीमियम फीचर्स

नई दिल्ली: टेक दिग्गज Meta ने अपने प्रमुख सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Facebook, Instagram और WhatsApp के लिए पेड सब्सक्रिप्शन प्लान लॉन्च करने का बड़ा ऐलान किया है। कंपनी का यह कदम विज्ञापन आधारित कमाई पर निर्भरता कम करने और कारोबार के नए स्रोत विकसित करने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।
Meta की प्रोडक्ट हेड नाओमी ग्लीट ने एक वीडियो संदेश के जरिए इस नई सेवा की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कंपनी दुनिया भर में Facebook Plus, Instagram Plus और WhatsApp Plus नाम से नए सब्सक्रिप्शन प्लान शुरू कर रही है। इसके साथ ही कंपनी बिजनेस, कंटेंट क्रिएटर्स और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े नए प्रीमियम प्लान पर भी काम कर रही है।
AI खर्च के बीच Meta का नया बिजनेस मॉडल
Meta का यह फैसला ऐसे समय आया है जब कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर भारी निवेश को लेकर निवेशकों के दबाव का सामना कर रही है। कंपनी ने इस वर्ष पूंजीगत खर्च का अनुमान 125 अरब डॉलर से 145 अरब डॉलर के बीच लगाया है। बताया जा रहा है कि यह निवेश मुख्य रूप से AI डेटा सेंटर विकसित करने में किया जाएगा।
इस घोषणा के बाद शेयर बाजार में Meta के शेयरों में करीब तीन प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई।
कितनी होगी कीमत, क्या मिलेंगे फीचर्स
रिपोर्ट्स के मुताबिक Instagram Plus और Facebook Plus की कीमत 3.99 डॉलर प्रति माह तय की गई है, जबकि WhatsApp Plus के लिए यूजर्स को 2.99 डॉलर प्रति माह चुकाने होंगे।
Instagram Plus और Facebook Plus सब्सक्रिप्शन लेने वाले यूजर्स को बेहतर एनालिटिक्स, स्टोरी दोबारा देखने के आंकड़े, ज्यादा रीच और प्रोफाइल कस्टमाइजेशन जैसे अतिरिक्त फीचर्स मिलेंगे। वहीं WhatsApp Plus में प्रीमियम स्टिकर, कस्टम रिंगटोन और ऐप थीम जैसी सुविधाएं दी जाएंगी।
‘Meta One’ ब्रांड के तहत सेवाएं लाने की तैयारी
नाओमी ग्लीट ने बताया कि कंपनी भविष्य में अपनी विभिन्न सेवाओं को ‘Meta One’ नाम के एकीकृत ब्रांड के तहत लाने की योजना बना रही है। इससे यूजर्स को एक ही प्लेटफॉर्म पर कई प्रीमियम सेवाओं का अनुभव मिल सकेगा।
गौरतलब है कि Meta इससे पहले वर्ष 2023 में यूरोप में Facebook और Instagram के विज्ञापन-मुक्त पेड वर्जन लॉन्च कर चुकी है। यह कदम यूरोपीय संघ के डेटा गोपनीयता कानूनों का पालन करने के लिए उठाया गया था। उस दौरान यूजर्स को विज्ञापन वाले मुफ्त संस्करण और विज्ञापन-मुक्त पेड सेवा के बीच विकल्प दिया गया था।



