उत्तर प्रदेशराज्य

UP : हाथरस में नाली निर्माण के दौरान ढही स्कूल की दीवार, मलबे में दबकर दो मजदूरों की मौत

हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। सादाबाद थाना क्षेत्र के नीति निवास गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय की बाउंड्री वॉल अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त विद्यालय के पास नाली निर्माण का कार्य चल रहा था। दीवार गिरने से वहां काम कर रहे मजदूर मलबे के नीचे दब गए, जिसमें दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस के मुताबिक यह हादसा बुधवार शाम करीब 6:30 बजे हुआ। ग्राम पंचायत परियोजना के तहत प्राथमिक विद्यालय के समीप जल निकासी के लिए नाली का निर्माण कराया जा रहा था। इसी दौरान स्कूल की बाउंड्री वॉल अचानक ढह गई और वहां मौजूद मजदूर उसकी चपेट में आ गए।

मृतकों की पहचान नीति निवास गांव निवासी राजमिस्त्री दलचंद (45) और मोहित (25) के रूप में हुई है। वहीं हादसे में घायल सोनपाल (55) का बिसावर स्थित अस्पताल में इलाज चल रहा है।

हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी

दीवार गिरते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने मलबे में दबे मजदूरों को बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार दलचंद की मौके पर ही मौत हो गई थी।

गंभीर रूप से घायल मोहित को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार के लिए ले जाया गया, लेकिन हालत बिगड़ने पर उसे आगरा रेफर कर दिया गया। आगरा में इलाज के दौरान उसने भी दम तोड़ दिया। वहीं सोनपाल का अस्पताल में उपचार जारी है।

मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सादाबाद के क्षेत्राधिकारी जे. एन. अस्थाना ने बताया कि दलचंद की मौत घटनास्थल पर ही हो गई थी, जबकि मोहित ने आगरा में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस मामले में आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button