अमेरिका में 250 डॉलर के नए नोट की तैयारी, डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर छापने की चर्चा तेज

नई दिल्ली: अमेरिका में 250 डॉलर का नया करेंसी नोट जारी किए जाने की चर्चाओं ने राजनीतिक और आर्थिक गलियारों में हलचल बढ़ा दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस प्रस्तावित नोट पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर छापने की तैयारी भी चल रही है। बताया जा रहा है कि ट्रंप प्रशासन से जुड़े कुछ वरिष्ठ अधिकारी इस योजना को आगे बढ़ाने के लिए कांग्रेस से मंजूरी हासिल करने की कोशिश में जुटे हैं।
अमेरिकी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी ट्रेजरर ब्रैंडन बीच और उनके सलाहकार माइक ब्राउन ने ट्रेजरी डिपार्टमेंट के ब्यूरो ऑफ एनग्रेविंग एंड प्रिंटिंग को 250 डॉलर के नोट का प्रारूप तैयार करने के निर्देश दिए हैं। जानकारी के मुताबिक पिछले साल अगस्त और सितंबर के दौरान इस नए नोट के कई डिजाइन भी तैयार किए गए थे।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि एक प्रस्तावित डिजाइन में डोनाल्ड ट्रंप की तस्वीर नोट के बीचों-बीच दिखाई गई है। वहीं नोट के दोनों तरफ राष्ट्रपति और ट्रेजरी सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट के हस्ताक्षर शामिल करने की योजना बनाई गई है। ब्रिटिश कलाकार इयान अलेक्जेंडर ने कथित तौर पर इस डिजाइन को लेकर ट्रंप से चर्चा भी की थी।
बताया जा रहा है कि ट्रंप ने नोट के डिजाइन में अमेरिकी झंडे के रंगों और अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ के विशेष लोगो को शामिल करने का सुझाव दिया था। इसी वजह से इस प्रस्ताव को अमेरिकी स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ से जोड़कर देखा जा रहा है।
कानून बना सबसे बड़ी बाधा
हालांकि इस पूरे प्रस्ताव के सामने सबसे बड़ी चुनौती अमेरिका का पुराना कानून है। अमेरिका में साल 1866 से लागू नियमों के तहत किसी भी जीवित व्यक्ति की तस्वीर करेंसी नोट पर नहीं छापी जा सकती। पिछले करीब 160 वर्षों से इसी कानून का पालन किया जा रहा है।
यह कानून उस घटना के बाद लागू किया गया था जब ट्रेजरी विभाग के एक अधिकारी ने 5-सेंट के नोट पर अपनी तस्वीर छपवा दी थी। इसके बाद अमेरिकी सरकार ने जीवित व्यक्तियों की तस्वीरों को करेंसी पर छापने पर स्थायी रोक लगा दी थी।
ऐसे में यदि ट्रंप की तस्वीर वाला 250 डॉलर का नोट जारी करना है तो इसके लिए अमेरिकी कांग्रेस को नया कानून पारित करना होगा। बिना कानूनी बदलाव के इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलना संभव नहीं माना जा रहा।
250वीं वर्षगांठ को खास बनाने की तैयारी
अमेरिका अगले साल अपनी आजादी की 250वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है। इसी मौके को ऐतिहासिक बनाने के लिए ट्रंप प्रशासन कई प्रतीकात्मक योजनाओं पर काम कर रहा है। 250 डॉलर का स्मारक नोट और ट्रंप की तस्वीर वाला गोल्ड कॉइन भी इन्हीं प्रस्तावों का हिस्सा बताए जा रहे हैं।
इससे पहले ट्रंप की तस्वीर वाला 24 कैरेट गोल्ड कॉइन जारी करने की योजना भी सुर्खियों में रही थी। अगर यह प्रस्ताव लागू होता है तो डोनाल्ड ट्रंप अमेरिकी इतिहास में दूसरे ऐसे जीवित राष्ट्रपति होंगे जिनकी तस्वीर किसी स्मारक सिक्के पर दिखाई देगी।
इससे पहले साल 1926 में राष्ट्रपति कैल्विन कूलिज को जॉर्ज वॉशिंगटन के साथ एक विशेष सिक्के पर स्थान दिया गया था। अमेरिकी ट्रेजरी विभाग का कहना है कि संभावित कानूनी प्रक्रिया और प्रस्तावित कानून को ध्यान में रखते हुए तैयारियां जारी हैं। कांग्रेस से मंजूरी मिलने की स्थिति में अमेरिका की 250वीं वर्षगांठ पर यह विशेष नोट जारी किया जा सकता है।



