जीवनशैलीस्वास्थ्य

दही और छाछ में क्या है ज्यादा फायदेमंद? जानिए सेहत के लिए कौन बेहतर विकल्प

नई दिल्ली: दही और छाछ दोनों ही भारतीय आहार का अहम हिस्सा हैं और सेहत के लिए बेहद लाभकारी माने जाते हैं। हालांकि दोनों के पोषक तत्व लगभग समान हैं, लेकिन इनके स्वास्थ्य लाभ अलग-अलग परिस्थितियों में अलग असर दिखाते हैं। विशेषज्ञों के अनुसार मौसम, पाचन क्षमता और स्वास्थ्य लक्ष्य के आधार पर इनका चयन करना चाहिए।

बारिश के मौसम में दही अधिक फायदेमंद
विशेषज्ञों के अनुसार बारिश के मौसम में दही का सेवन अधिक लाभकारी माना जाता है। दही में मौजूद प्रोबायोटिक्स शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को मजबूत करते हैं और आंतों में अच्छे बैक्टीरिया के विकास को बढ़ावा देते हैं। इससे पाचन तंत्र बेहतर होता है और कब्ज व दस्त जैसी समस्याओं में राहत मिलती है।

छाछ: शरीर को रखे हाइड्रेटेड और हल्का
छाछ दही में पानी मिलाकर तैयार किया जाता है और यह एक हल्का व सुपाच्य पेय माना जाता है। इसके सेवन से शरीर में इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बना रहता है और डिहाइड्रेशन से बचाव होता है। इसमें मौजूद प्रोबायोटिक्स अपच, एसिडिटी और पेट की सूजन को कम करने में मदद करते हैं।

हड्डियों और पाचन के लिए छाछ भी बेहद उपयोगी
छाछ में कैल्शियम, विटामिन बी12, जिंक, राइबोफ्लेविन और प्रोटीन जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह हड्डियों को मजबूत बनाने के साथ-साथ कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रित करने में भी सहायक माना जाता है। इसके अलावा यह तनाव कम करने और कुछ बीमारियों के जोखिम को घटाने में भी मददगार माना जाता है।

दही भारी, छाछ हल्की और आसानी से पचने वाली
पाचन के मामले में छाछ को दही से अधिक हल्का और आसान माना जाता है। दही को पचाने में अधिक समय लगता है, जबकि छाछ जल्दी पच जाती है और यह संवेदनशील पेट वाले लोगों के लिए बेहतर विकल्प मानी जाती है। आयुर्वेद के अनुसार मजबूत पाचन तंत्र वाले लोगों के लिए दही अधिक लाभकारी हो सकता है।

वजन घटाने में छाछ आगे, दही भी उपयोगी
विशेषज्ञों के अनुसार वजन घटाने के लिए छाछ अधिक प्रभावी मानी जाती है क्योंकि इसमें कैलोरी कम होती है और यह हल्की होती है। वहीं दही पोषण से भरपूर होने के कारण शरीर को मजबूती देती है, लेकिन इसमें अपेक्षाकृत अधिक कैलोरी होने से वजन बढ़ने की संभावना भी रहती है। इसलिए वजन घटाने वालों के लिए छाछ बेहतर विकल्प मानी जाती है।

दही और छाछ दोनों ही सेहत के लिए फायदेमंद हैं, लेकिन इनका चयन व्यक्ति की जरूरत, मौसम और पाचन क्षमता के अनुसार करना चाहिए।

Related Articles

Back to top button