
जयमाल से पहले दूल्हे का ‘नागिन डांस’ पड़ा भारी! नशे में धुत देखकर दुल्हन ने तोड़ी शादी, फिर मचा बवाल
कानपुर: जिले के चौबेपुर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह उस समय हंगामे में बदल गया, जब जयमाल के दौरान कथित तौर पर शराब के नशे में धुत दूल्हे की हरकतों को देखकर दुल्हन ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। मामला इतना बढ़ गया कि बारातियों और लड़की पक्ष के लोगों के बीच विवाद और मारपीट की नौबत आ गई। सूचना मिलने पर पुलिस को मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालनी पड़ी।
घटना चौबेपुर थाना क्षेत्र के हुल्कापुर गांव की है, जहां शोभन बेरी सवाई से बारात आई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तिलक की रस्म पूरी होने के बाद बारात का स्वागत किया गया और जयमाल समारोह की तैयारियां शुरू हुईं।
स्टेज पर पहुंचते ही बिगड़ा संतुलन, लोगों ने बताया- करने लगा नागिन डांस
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जयमाल के लिए जैसे ही दूल्हे को मंच पर बुलाया गया, वह कथित रूप से शराब के नशे में था। स्टेज पर चढ़ते ही उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गिर पड़ा।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि इसके बाद दूल्हा कथित तौर पर नागिन डांस करने लगा। समारोह में मौजूद मेहमानों के लिए यह नजारा हैरान करने वाला था और देखते ही देखते पूरे कार्यक्रम का माहौल बदल गया।
दूल्हे की हालत देखकर दुल्हन ने लिया बड़ा फैसला
दूल्हे की स्थिति की जानकारी मिलने पर दुल्हन भी मंच पर पहुंची। दूल्हे को कथित रूप से नशे में देखकर उसने मौके पर ही शादी करने से इनकार कर दिया।
दुल्हन के फैसले के बाद दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई, जो जल्द ही विवाद और धक्का-मुक्की में बदल गई। शादी समारोह स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस पहुंची, थाने में चली पंचायत
सूचना पर चौबेपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। इसके बाद दोनों परिवारों को थाने बुलाया गया, जहां पूरे दिन समझौते और बातचीत के प्रयास किए जाते रहे।
हालांकि, दुल्हन अपने फैसले पर कायम रही और उसने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह शराब के नशे में रहने वाले व्यक्ति के साथ अपना भविष्य नहीं जोड़ सकती और किसी भी परिस्थिति में यह शादी नहीं करेगी।
लड़की पक्ष ने लगाया अतिरिक्त दहेज मांगने का आरोप
चौबेपुर थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा के अनुसार, प्रारंभिक जांच में दूल्हे के नशे में होने की बात सामने आई है। वहीं, लड़की पक्ष ने आरोप लगाया है कि लड़के वालों ने शादी के दौरान एक लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग भी की थी।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है और प्राप्त शिकायतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।



