उत्तर प्रदेशराज्य

सीएम योगी का बड़ा दौरा आज, गोरखपुर-कुशीनगर को 1283 करोड़ की विकास सौगात; सैकड़ों परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास

गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को गोरखपुर और कुशीनगर जिले को 1283 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री कुशीनगर में 525 करोड़ रुपये की 464 परियोजनाओं तथा गोरखपुर में करीब 758 करोड़ रुपये की 24 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और पर्यटन से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।

कुशीनगर में 464 विकास परियोजनाओं का होगा शुभारंभ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन के बाद कुशीनगर के टेकुआटार पहुंचेंगे। यहां आयोजित कार्यक्रम में वह रामकोला, हाटा और कुशीनगर विधानसभा क्षेत्रों के लिए 525 करोड़ रुपये की लागत वाली 464 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। दुल्हिन जगरनाथ कुंवरी इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित जनसभा को संबोधित करने के साथ मुख्यमंत्री विकास प्रदर्शनी का भी निरीक्षण करेंगे।

गोरखपुर में 758 करोड़ की परियोजनाओं का मिलेगा लाभ

दोपहर बाद मुख्यमंत्री गोरखपुर के पिपराइच विधानसभा क्षेत्र स्थित भटहट-बांसस्थान पहुंचेंगे। यहां वह 758 करोड़ रुपये की 24 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें लगभग 697 करोड़ रुपये की लागत से तैयार पांच सड़कों का लोकार्पण और करीब 60.63 करोड़ रुपये की 19 नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। ये सभी परियोजनाएं सड़क निर्माण और पर्यटन विकास से जुड़ी हैं।

भटहट-बांसस्थान फोरलेन सड़क होगी जनता को समर्पित

मुख्यमंत्री के हाथों जनता को करीब 690 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 11.6 किलोमीटर लंबी भटहट-बांसस्थान फोरलेन सड़क भी समर्पित की जाएगी। इस सड़क के शुरू होने से क्षेत्र में आवागमन पहले की तुलना में अधिक सुगम होगा। साथ ही महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय तक पहुंचने वाले लोगों को भी बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी।

आयुष विश्वविद्यालय का करेंगे निरीक्षण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ राज्य के पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ राज्य आयुष विश्वविद्यालय का निरीक्षण भी करेंगे। इस दौरान पुरुष और महिला छात्रावास के लोकार्पण की भी संभावना है। पुरुष छात्रावास का नाम ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की स्मृति में जबकि महिला छात्रावास का नाम ‘राप्ती’ रखा गया है। आयुष विश्वविद्यालय मुख्यमंत्री के महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में शामिल है।

रविवार को पौधरोपण महाअभियान में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री रविवार, 12 जुलाई को गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे आयोजित ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण करेंगे। इस अवसर पर वह जनसभा को संबोधित कर प्रदेशवासियों से पौधरोपण महाअभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करेंगे। प्रदेश सरकार ने इस वर्ष 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

Related Articles

Back to top button