मध्य प्रदेशराज्य

भोपाल में कोचिंग सेंटरों पर सख्ती बढ़ी: फायर सेफ्टी जांच में छह संस्थानों में मिली बड़ी लापरवाही, 31 डिफॉल्टरों पर जल्द कार्रवाई

भोपाल: राजधानी भोपाल में कोचिंग सेंटरों की फायर सेफ्टी व्यवस्था की जांच लगातार तेज की जा रही है। इसी अभियान के तहत नगर निगम की फायर टीम मंगलवार को 11 नंबर स्टॉप क्षेत्र में संचालित छह कोचिंग सेंटरों की जांच के लिए दिन में दो बार पहुंची। पहली बार सुबह करीब 11 बजे टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी सेंटर बंद हो चुके थे। इसके बाद शाम करीब 4 बजे दोबारा निरीक्षण किया गया, जहां सुरक्षा इंतजामों की जांच के दौरान किसी भी कोचिंग सेंटर में आवश्यक फायर सेफ्टी उपकरण नहीं मिले।

शिकायत के आधार पर हुई कार्रवाई, संचालकों को जारी किए नोटिस

फायर ऑफिसर सौरभ कुमार पटेल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद टीम 11 नंबर क्षेत्र में नाले के ऊपर बने एक जर्जर भवन में संचालित छह कोचिंग सेंटरों का निरीक्षण करने पहुंची थी। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं मिलने पर सभी संचालकों को तत्काल फायर सेफ्टी उपकरण लगाने के निर्देश देते हुए नोटिस जारी किए गए हैं।

31 डिफॉल्टर कोचिंग सेंटरों पर कार्रवाई फिलहाल टली

फायर विभाग के अनुसार शहर के 31 ऐसे कोचिंग सेंटर हैं, जिन्हें पहले निरीक्षण के बाद सुरक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए समय दिया गया था। अब यह समय-सीमा समाप्त हो चुकी है, लेकिन मंगलवार को इनके खिलाफ सीलिंग या तालाबंदी की कार्रवाई शुरू नहीं हो सकी। अधिकारियों के मुताबिक संबंधित फाइल फिलहाल अपर आयुक्त वरुण अवस्थी के पास प्रक्रिया में है। उच्च स्तर से निर्देश मिलते ही इन सभी संस्थानों का दोबारा निरीक्षण किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।

61 में से केवल 30 संचालकों ने सौंपा शपथ पत्र

नगर निगम ने 23 जून को शहर के करीब 61 कोचिंग सेंटरों को फायर सेफ्टी संबंधी नोटिस जारी किए थे। वहीं, फायर विभाग ने निरीक्षण के दौरान आठ कोचिंग सेंटरों को मौके पर ही सील कर दिया था। इसके बाद 7 जुलाई को नगर निगम मुख्यालय में कोचिंग संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद अब तक 61 में से केवल 30 संचालकों ने ही शपथ पत्र जमा किया है।

Related Articles

Back to top button