उत्तराखंड

उत्तराखंड-हिमाचल में बारिश का रेड अलर्ट! कई जिलों में स्कूल दो दिन बंद, प्रशासन हाई अलर्ट पर

नई दिल्ली: उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन पर असर डालना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने दोनों राज्यों के कई जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए रेड और ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है। खराब मौसम और संभावित आपदा को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का फैसला लिया गया है। प्रशासन को भी सतर्क रहने और राहत-बचाव व्यवस्था पूरी तरह तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं।

उत्तराखंड में देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, उधम सिंह नगर और चंपावत जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में कई स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट के तहत तेज बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान जताया गया है।

हिमाचल के पांच जिलों में रेड वॉर्निंग, शिक्षण संस्थानों पर ताला

हिमाचल प्रदेश में भी मौसम का कहर जारी है। मौसम विभाग ने 20 और 21 जुलाई के लिए चंबा, कांगड़ा, मंडी, सिरमौर और कुल्लू जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के कारण फ्लैश फ्लड और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। एहतियात के तौर पर कांगड़ा जिला प्रशासन ने 20 और 21 जुलाई को सभी सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

मुख्यमंत्री ने दिए राहत और बचाव के सख्त निर्देश

उत्तराखंड में बिगड़ते मौसम को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने मुख्य सचिव आनंद वर्धन और सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन को हालात पर लगातार नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि जहां भी भारी बारिश, भूस्खलन या सड़क बंद होने जैसी स्थिति बने, वहां प्रशासन तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू करे तथा प्रभावित लोगों को समय पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सड़क, बिजली, पेयजल और संचार जैसी आवश्यक सेवाओं को प्राथमिकता के आधार पर बहाल करने के निर्देश भी दिए हैं। चारधाम यात्रा मार्ग सहित सभी प्रमुख मार्गों की निगरानी लगातार करने को कहा गया है। साथ ही प्रदेशवासियों और यात्रियों से मौसम विभाग एवं प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करने, अनावश्यक यात्रा से बचने और नदी-नालों व भूस्खलन संभावित क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की गई है। 20 जुलाई को देहरादून, हरिद्वार और टिहरी में कक्षा 1 से 12वीं तक के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।

देहरादून में उफनती नदी से सात लोगों को सुरक्षित निकाला गया

लगातार बारिश के चलते देहरादून के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। संतला देवी मंदिर के पास नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से सात लोग बीच बने टापू पर फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ और कैंट थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी सात लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

अगले 2-3 दिन तक जारी रह सकता है बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में अगले दो से तीन दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान नदी, नालों और बरसाती जलधाराओं के पास जाने से बचें और किसी भी तरह का अनावश्यक जोखिम न उठाएं।

Related Articles

Back to top button