
रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त लोक कलाकार और प्रख्यात बांस वादक विक्रम यादव के स्वास्थ्य को लेकर संवेदनशीलता दिखाई है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार सुबह उनके परिजनों से दूरभाष पर बातचीत कर स्वास्थ्य की जानकारी ली और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने परिजनों को आश्वस्त किया कि राज्य सरकार उनके समुचित उपचार के लिए पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इलाज में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और आवश्यक सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कलेक्टर को दिए बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राजनांदगांव कलेक्टर से भी दूरभाष पर चर्चा कर विक्रम यादव की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि वरिष्ठ विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उनका बेहतर उपचार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही आवश्यकता के अनुसार सभी जरूरी चिकित्सकीय सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।
‘देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं विक्रम यादव’
मुख्यमंत्री ने कहा कि विक्रम यादव केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर हैं। उन्होंने अपनी विशिष्ट बांस वादन शैली के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और भारत की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहचान दिलाई है।
शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विक्रम यादव के जल्द स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार लोक कलाकारों के सम्मान, संरक्षण और कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कलाकारों के साथ हर परिस्थिति में खड़ी है।
उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी विशिष्ट बांस वादन शैली के लिए प्रसिद्ध विक्रम यादव इन दिनों अस्वस्थ हैं और उनका उपचार राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।



