स्वास्थ्य

बार-बार एसिडिटी, गैस या कब्ज हो रही है? ये हो सकते हैं पेट में बड़ी गड़बड़ी के संकेत, भूलकर भी न करें नजरअंदाज

नई दिल्ली: स्वस्थ पाचन तंत्र बेहतर सेहत की बुनियाद माना जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार केवल खानपान ही नहीं, बल्कि खाने का तरीका, भोजन को अच्छी तरह चबाना, मानसिक तनाव और जीवनशैली भी पाचन प्रक्रिया को प्रभावित करते हैं। यदि आप जल्दी-जल्दी खाना खाते हैं, भोजन को ठीक से नहीं चबाते या खाते समय दूसरे कामों में व्यस्त रहते हैं, तो इसका सीधा असर पेट और आंतों की सेहत पर पड़ सकता है। ऐसे में कुछ लक्षण ऐसे होते हैं, जो पेट में गंभीर गड़बड़ी का संकेत दे सकते हैं।

एसिड रिफ्लक्स हो सकता है खराब पाचन का संकेत

अगर पेट का एसिड बार-बार भोजन नली से होते हुए मुंह तक पहुंचने लगे और एसिडिटी या जलन महसूस हो, तो इसे एसिड रिफ्लक्स कहा जाता है। यह इस बात का संकेत हो सकता है कि आपका पाचन तंत्र सामान्य रूप से काम नहीं कर रहा है।

बार-बार गैस और ब्लोटिंग को हल्के में न लें

खाना खाने के दौरान या बाद में पेट फूलना, गैस बनना और भारीपन महसूस होना भी पेट की गड़बड़ी का सामान्य संकेत माना जाता है। यदि यह समस्या लगातार बनी रहती है तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

कब्ज भी हो सकती है बड़ी वजह

सामान्य तौर पर व्यक्ति दिन में एक से दो बार मल त्याग करता है। लेकिन यदि पेट ठीक से साफ नहीं होता और मल त्याग में कठिनाई होती है, तो यह कब्ज की समस्या हो सकती है। खराब जीवनशैली, तनाव, अधिक कैफीन का सेवन और धूम्रपान जैसी आदतें इसके प्रमुख कारण मानी जाती हैं।

लगातार पेट दर्द भी है चेतावनी

पाचन तंत्र के किसी भी हिस्से में होने वाला लगातार दर्द भी पेट की खराब सेहत का संकेत हो सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार अत्यधिक प्रोसेस्ड फूड, कृत्रिम रंग और रसायनों वाले खाद्य पदार्थों का नियमित सेवन आंतों की परत को नुकसान पहुंचा सकता है। इसके अलावा तनाव और धूम्रपान भी पेट दर्द की समस्या को बढ़ा सकते हैं।

खाना खाते समय रखें पूरा ध्यान

यदि आप चाहते हैं कि भोजन का पूरा पोषण शरीर को मिले, तो खाना खाते समय केवल भोजन पर ध्यान दें। जल्दबाजी में खाने या अन्य काम करते हुए भोजन करने से पाचन प्रक्रिया प्रभावित हो सकती है।

भोजन को अच्छी तरह चबाकर खाएं

भोजन को अच्छी तरह चबाने से उसमें मौजूद स्टार्च का प्रारंभिक पाचन शुरू हो जाता है, जिससे पेट के लिए उसे पचाना आसान हो जाता है। यह आदत पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने में मदद करती है।

फाइबर युक्त आहार को बनाएं डाइट का हिस्सा

पेट को स्वस्थ रखने के लिए फाइबर से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन करना जरूरी है। हरी पत्तेदार सब्जियां, चोकरयुक्त आटा, चावल, बादाम, ब्रोकली, दालें और साबुत अनाज फाइबर के अच्छे स्रोत हैं। नियमित रूप से इनका सेवन करने से कब्ज की समस्या कम होती है, मल त्याग आसान होता है और पाचन तंत्र स्वस्थ बना रहता है।

Related Articles

Back to top button