अन्तर्राष्ट्रीय

‘मानो या न मानो, पाकिस्तान का सिस्टम तबाह हो चुका है’, गृह मंत्री मोहसिन नकवी के कबूलनामे से मची हलचल

नई दिल्ली: आर्थिक और राजनीतिक संकट से जूझ रहे पाकिस्तान के बीच गृह मंत्री मोहसिन नकवी का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने सार्वजनिक मंच से स्वीकार किया कि देश की मौजूदा शासन व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है। नकवी ने कहा कि पाकिस्तान जिस व्यवस्था के सहारे अब तक चल रहा था, वह अब पूरी तरह नाकाम साबित हो चुकी है और यदि हालात नहीं बदले तो आने वाले वर्षों में भी देश इन्हीं समस्याओं से जूझता रहेगा।

एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोहसिन नकवी ने कहा, “आप मानें या न मानें, लेकिन जिस सिस्टम में हम जी रहे हैं, वह पहले ही ध्वस्त हो चुका है। हमारे देश की मौजूदा व्यवस्था पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है। अगर यही स्थिति बनी रही तो आज से 10 साल बाद भी हम इन्हीं मुद्दों पर चर्चा कर रहे होंगे।”

उन्होंने आगे कहा कि पिछले 70 वर्षों से जिस ढांचे के तहत पाकिस्तान आगे बढ़ने की कोशिश कर रहा है, वह अब देश को आगे ले जाने में सक्षम नहीं है। उनके मुताबिक सभी लोकतंत्र चाहते हैं, लेकिन लोकतांत्रिक व्यवस्था के भीतर भी कई तरह की प्रणालियां होती हैं और पिछले सात दशकों से अपनाई गई व्यवस्था देश को किसी ठोस परिणाम तक नहीं पहुंचा सकी है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान आज भी वहीं खड़ा है, जहां वर्षों पहले था।

बयान पर सभागार में गूंजी तालियां

गृह मंत्री के इस बयान को पाकिस्तान की सत्ता और प्रशासनिक व्यवस्था पर खुली स्वीकारोक्ति के रूप में देखा जा रहा है। खास बात यह रही कि जब मोहसिन नकवी देश के सिस्टम के पूरी तरह तबाह होने की बात कर रहे थे, तब कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर उनकी बात का स्वागत किया।

गहराते संकट के बीच सामने आया बड़ा बयान

पाकिस्तान के गृह मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है, जब देश आर्थिक चुनौतियों, प्रशासनिक अव्यवस्था और संस्थागत संकट का सामना कर रहा है। आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे मंत्री की यह टिप्पणी इस बात का संकेत मानी जा रही है कि देश की प्रशासनिक और संवैधानिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली को लेकर सरकार के भीतर भी गंभीर चिंता मौजूद है।

Related Articles

Back to top button