होर्मुज पर ईरान का बड़ा फैसला, गुजरने वाले जहाजों से वसूलेगा सेवा शुल्क; अमेरिका को भी दी चेतावनी

तेहरान: होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान ने बड़ा फैसला लिया है। ईरान ने रविवार को कहा कि अधिकृत देशों के जो जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरेंगे, उन्हें अब ईरान को सेवा शुल्क देना होगा। ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग के प्रवक्ता इब्राहिम रेजाई ने इसकी जानकारी दी। उनके मुताबिक यह शुल्क समुद्री, पर्यावरण और रसद से जुड़ी विभिन्न सेवाओं के लिए लिया जाएगा।
सरकारी प्रसारक के अनुसार, यह फैसला ‘होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा और प्रगति सुनिश्चित करने के लिए रणनीतिक कार्रवाई’ योजना के अनुच्छेद 3 को मंजूरी मिलने के बाद लिया गया है। रेजाई ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा आयोग ने इस योजना के अनुच्छेद 3 को मंजूरी दे दी है। इसके तहत होर्मुज से गुजरने की अनुमति प्राप्त देशों के जहाजों को ईरान की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली सेवाओं के लिए भुगतान करना होगा।
जहाजों से किन सेवाओं के लिए लिया जाएगा शुल्क?
इब्राहिम रेजाई के मुताबिक शुल्क के दायरे में जहाजों की आवाजाही में सहायता, पर्यावरण से जुड़ी सेवाएं, कुछ परिस्थितियों में ईंधन, बीमा, सुरक्षा और अन्य सेवाएं शामिल होंगी। उन्होंने बताया कि भुगतान के लिए लचीली वित्तीय व्यवस्था तैयार की गई है। शुल्क ईरानी रियाल या इस्लामी गणराज्य ईरान की ओर से पसंद की जाने वाली किसी अन्य मुद्रा में लिया जा सकता है।
ईरान का दावा- अभी भी बंद है होर्मुज जलडमरूमध्य
ईरान की सर्वोच्च राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के सचिव मोहसिन रेजाई ने शनिवार को कहा था कि होर्मुज जलडमरूमध्य अभी भी बंद है। उन्होंने कहा कि जब तक अमेरिका अपनी जिम्मेदारियां पूरी नहीं करता और अपना रवैया नहीं बदलता, तब तक इस महत्वपूर्ण जलमार्ग को दोबारा नहीं खोला जाएगा।
सरकारी प्रसारक को दिए इंटरव्यू में मोहसिन रेजाई ने अमेरिकी दावों को खारिज करते हुए कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य बंद है और अमेरिका का रुख बदलने तक इसे नहीं खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार अमेरिका को पहले अपनी जिम्मेदारियां पूरी करनी होंगी।
अमेरिका पर आर्थिक नाकाबंदी का आरोप
मोहसिन रेजाई ने आरोप लगाया कि अमेरिका सैन्य विकल्पों से निराश होने के बाद अब आर्थिक नाकाबंदी के जरिये ईरान पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस्राइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को भरोसा दिलाया है कि आर्थिक नाकाबंदी के जरिए ईरान को आत्मसमर्पण के लिए मजबूर किया जा सकता है।
ट्रंप ने फिर किया होर्मुज पर अमेरिकी नियंत्रण का दावा
दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर होर्मुज जलडमरूमध्य पर अमेरिका के नियंत्रण का दावा किया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया मंच पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें होर्मुज जलडमरूमध्य को ‘न्यू यूएस टेरिटरी’ यानी ‘नया अमेरिकी क्षेत्र’ बताया गया है।
ट्रंप इससे पहले 18 अगस्त को भी यही तस्वीर साझा कर चुके हैं। ऐसे में होर्मुज जलडमरूमध्य को लेकर ईरान और अमेरिका के बीच बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है।



