उत्तराखंड

रक्षा बंधन पर CM धामी को प्रदेशभर से आई बहनों ने बांधा रक्षा सूत्र, बोले- मातृशक्ति का स्नेह नई ऊर्जा देता है

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बुधवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेशभर से पहुंची बहनों ने रक्षा सूत्र बांधा। बहनों ने मुख्यमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने सभी का आत्मीय स्वागत करते हुए आभार जताया और प्रदेशवासियों को रक्षा बंधन की शुभकामनाएं दीं।

रक्षा बंधन स्नेह और विश्वास का पर्व

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षा बंधन भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और एक-दूसरे की सुरक्षा के संकल्प का पवित्र पर्व है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मातृशक्ति और बहनों का स्नेह व आशीर्वाद उन्हें उत्तराखंड की सेवा और राज्य के विकास के लिए लगातार नई ऊर्जा देता है। मातृशक्ति परिवार की मजबूत आधारशिला होने के साथ समाज और देश के विकास में भी अहम भूमिका निभा रही है।

महिलाओं के सम्मान और सशक्तीकरण को प्राथमिकता

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तीकरण को प्राथमिकता दी है। लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, लखपति दीदी अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं से महिलाओं और बेटियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

सरकारी सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत आरक्षण

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भी महिलाओं के कल्याण और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। राज्य सरकार की सेवाओं में महिलाओं को 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने के साथ उनके आर्थिक सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उत्तराखंड में 3 लाख 09 हजार से ज्यादा महिलाएं बनीं लखपति दीदी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लखपति दीदी की परिकल्पना को उत्तराखंड में तेजी से लागू किया गया है। प्रदेश में 3 लाख 09 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं स्थानीय उत्पाद, कृषि, हस्तशिल्प और अन्य स्वरोजगार गतिविधियों के जरिए अपनी आय बढ़ाने के साथ राज्य की अर्थव्यवस्था में भी योगदान दे रही हैं।

महिला स्वयं सहायता समूहों को मिल रहे नए अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव योजना, मुख्यमंत्री महिला स्वयं सहायता समूह सशक्तीकरण योजना और मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना सहित कई योजनाओं के जरिए महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका के नए अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों के स्थानीय उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने और उनकी आय बढ़ाने के लिए भी सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

राज्य निर्माण से विकास तक मातृशक्ति की अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की मातृशक्ति ने राज्य निर्माण से लेकर प्रदेश के विकास तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, कृषि, स्वरोजगार, उद्यमिता और सामाजिक क्षेत्र समेत हर क्षेत्र में अपनी क्षमता साबित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी से ही सशक्त उत्तराखंड और विकसित भारत के संकल्प को पूरा किया जा सकता है।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की पत्नी गीता पुष्कर धामी, विधायक सविता कपूर, आशा नौटियाल, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट समेत प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आई मातृशक्ति मौजूद रही।

Related Articles

Back to top button