राष्ट्रीय

देश के 14 राज्यों में आज भारी बारिश का अलर्ट, 80 किमी प्रति घंटे तक चलेंगी हवाएं; पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा

नई दिल्ली: मानसून की सक्रियता के चलते देश के बड़े हिस्से में मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने 27 अगस्त को दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 14 राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में हवाओं की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। कई स्थानों पर ओलावृष्टि और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।

पहाड़ी राज्यों में भी मौसम चुनौतीपूर्ण रहने का अनुमान है। उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा बना हुआ है। ऐसे में पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने वालों को मौसम की ताजा स्थिति की जानकारी लेने और संवेदनशील इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

इन मौसम प्रणालियों से बढ़ेगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पूर्वी असम और आसपास के क्षेत्र में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। वहीं, उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में भी ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से पूर्वी, पूर्वोत्तर, मध्य और उत्तर भारत के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

दिल्ली समेत 14 राज्यों में बारिश-आंधी का अलर्ट

27 अगस्त को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और गुजरात में बारिश तथा आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। दिल्ली में बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। यहां अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

मुंबई में अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 28 डिग्री, चेन्नई में 36 और 29 डिग्री, कोलकाता में 34 और 28 डिग्री, रांची में 30 और 24 डिग्री, शिमला में 26 और 19 डिग्री तथा नैनीताल में 23 और 21 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है।

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्ध नगर, मेरठ, गाजियाबाद, मुरादाबाद, आगरा, मथुरा, बहराइच, कानपुर, बलरामपुर, महाराजगंज, देवरिया, हमीरपुर, प्रयागराज, सोनभद्र, फतेहपुर, गोंडा, गोरखपुर, झांसी, ललितपुर और मिर्जापुर समेत कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

बिहार के कई इलाकों में भी तेज बारिश और आंधी

बिहार में पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गया, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, रक्सौल, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, अररिया, कटिहार, पूर्णिया, मधेपुरा, खगड़िया और बेगूसराय में भारी बारिश और आंधी की प्रबल संभावना है। कई इलाकों में हवाओं की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। पटना में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

पंजाब और राजस्थान में भी मौसम खराब रहेगा

पंजाब के लुधियाना, पटियाला, चंडीगढ़, होशियारपुर, बठिंडा, अमृतसर, कपूरथला और जालंधर समेत कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है। यहां तेज हवाएं 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं।

राजस्थान के हनुमानगढ़, चूरू, झुंझुनूं, अलवर, भरतपुर, धौलपुर और सीकर में बारिश का पीला अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। जयपुर में अधिकतम तापमान 34 और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

मध्य प्रदेश के इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश के धार, उज्जैन, रतलाम, विदिशा, भोपाल, रायसेन, कटनी, बालाघाट, बैतूल, भिंड, दमोह, दतिया, मंदसौर, मुरैना और इंदौर में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी दी गई है। इन इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। भोपाल में अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

उत्तराखंड, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर में भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग, देहरादून, उत्तरकाशी, नैनीताल, बागेश्वर, पिथौरागढ़, पौड़ी गढ़वाल, चमोली और चंपावत में बारिश और आंधी का अलर्ट है। देहरादून में अधिकतम तापमान 28 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

हिमाचल प्रदेश के मंडी, शिमला, कुल्लू, कांगड़ा, चंबा, किन्नौर, सोलन और बिलासपुर में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। यहां हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। मनाली में अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, बारामूला, अनंतनाग, बडगाम, कुलगाम, रामबन, किश्तवाड़, मीरपुर, रियासी, जम्मू और कठुआ में बारिश का पीला अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट हो सकती है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान 32 और न्यूनतम 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

दक्षिण भारत में भी बारिश और तेज हवाओं का दौर

तटीय कर्नाटक में 1 सितंबर तक कई स्थानों पर व्यापक बारिश होने की संभावना है। उत्तर आंतरिक कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में भी इस दौरान कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।

तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी 1 सितंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश का अनुमान है। कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा के झोंकों की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।

तेलंगाना तथा तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी 1 सितंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। इन इलाकों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। केरल और माहे में कई स्थानों पर व्यापक बारिश का अनुमान है और बारिश का यह दौर 1 सितंबर तक जारी रह सकता है।

Related Articles

Back to top button