उत्तर प्रदेशराज्य

राम मंदिर के पहले सीईओ के नाम पर बड़ा अपडेट, तीन नामों का पैनल तैयार; 2 सितंबर को होगा फैसला

अयोध्या: श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति की प्रक्रिया अब अंतिम दौर में पहुंच गई है। चयन समिति ने इस पद के लिए तीन नामों का पैनल तैयार कर लिया है। समिति के तीनों सदस्य 31 अगस्त की शाम तक अयोध्या पहुंचेंगे और 1 सितंबर को यह पैनल ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास को सौंपेंगे। इसके अगले दिन यानी 2 सितंबर को होने वाली ट्रस्ट की बैठक में तीनों नामों पर चर्चा के बाद किसी एक नाम पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

सीईओ नियुक्त करने के फैसले के पीछे क्या वजह रही
राम मंदिर में जून महीने में चढ़ावे की चोरी का मामला सामने आने और इसके बाद दो ट्रस्टियों के त्यागपत्र देने से पैदा हुई स्थिति के बीच ट्रस्ट ने मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त करने का फैसला किया था। देश के अन्य प्रमुख मंदिरों की व्यवस्था की तर्ज पर राम मंदिर में भी प्रशासनिक जिम्मेदारियों के संचालन के लिए सीईओ की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई।

6 जुलाई को गठित हुई थी तीन सदस्यीय चयन समिति
ट्रस्ट की 6 जुलाई को हुई बैठक में सीईओ के चयन के लिए तीन सदस्यीय समिति बनाई गई थी। पूर्व न्यायमूर्ति प्रमोद कोहली को इसका अध्यक्ष बनाया गया, जबकि सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट विष्णुकांत चतुर्वेदी और परमाणु विज्ञानी डॉ. सुरेश हावड़े को सदस्य बनाया गया था। समिति ने 13 जुलाई को सीईओ पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे।

20 साल का प्रशासनिक अनुभव जरूरी
सीईओ पद के लिए आवेदन करने वालों के सामने कई शर्तें रखी गई थीं। उम्मीदवार के पास 20 वर्ष का प्रशासनिक अनुभव होना जरूरी था। इसके अलावा आयु सीमा 50 से 70 वर्ष निर्धारित की गई थी। उम्मीदवार का हिंदू होना और मंदिर की पूजा पद्धति से परिचित होना भी अनिवार्य शर्तों में शामिल था। नियुक्ति तीन वर्ष के लिए की जानी है और बेहतर प्रदर्शन की स्थिति में कार्यकाल आगे बढ़ाया जा सकता है। वेतन सार्वजनिक करने के बजाय आपसी बातचीत से तय किए जाने की व्यवस्था रखी गई थी।

5585 आवेदनों में से 3 नाम चुने गए
सीईओ पद के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 18 जुलाई थी। इस दौरान कुल 5585 आवेदन प्राप्त हुए। तीन चरणों में आवेदनों की छंटनी के बाद 111 उम्मीदवारों का ऑनलाइन साक्षात्कार लिया गया। इसके बाद 11 और 12 अगस्त को अयोध्या में 16 उम्मीदवारों के अंतिम साक्षात्कार हुए। इन्हीं उम्मीदवारों में से चयन समिति ने तीन योग्य व्यक्तियों के नाम चुनकर पैनल तैयार किया है।

नाम अभी पूरी तरह गोपनीय, 2 सितंबर को खुलेगा पत्ता
चयन समिति के एक सदस्य ने पैनल तैयार होने की पुष्टि की है। उनके मुताबिक तीनों सदस्यों के बीच दो से तीन दौर में गहन विचार-विमर्श के बाद तीन नामों को अंतिम रूप दिया गया। पैनल में अलग-अलग सेवाओं में काम कर चुके लोगों के नाम शामिल हैं। हालांकि इन नामों को अभी सार्वजनिक नहीं किया गया है। समिति के अनुसार यह जानकारी फिलहाल पूरी तरह गोपनीय है और अधिकृत पदाधिकारी ही इसे सार्वजनिक करेंगे।

1 सितंबर को अधिकार और जिम्मेदारियों पर होगी चर्चा
ट्रस्ट की 2 सितंबर को प्रस्तावित बैठक से एक दिन पहले 1 सितंबर को चयन समिति के तीनों सदस्यों और ट्रस्ट पदाधिकारियों के बीच महत्वपूर्ण बैठक होगी। इसमें सीईओ के अधिकार और दायित्व, वेतन, कार्य निर्धारण, ट्रस्ट के महासचिव के प्रति जवाबदेही और कार्यकाल के नवीनीकरण समेत कई बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी।

2 सितंबर को ट्रस्ट करेगा अंतिम चयन
ट्रस्ट की बैठक 2 सितंबर को मणिरामदास जी की छावनी में महंत नृत्यगोपाल दास की अध्यक्षता में प्रस्तावित है। इसी बैठक में चयन समिति द्वारा सौंपे गए तीन नामों पर ट्रस्टी विचार करेंगे और किसी एक नाम को राम मंदिर के पहले मुख्य कार्यकारी अधिकारी के तौर पर चुना जा सकता है। बैठक में ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास के अलावा अंतरिम महासचिव कृष्ण मोहन, कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंददेव गिरि, ट्रस्टी एवं धार्मिक समिति के सदस्य महंत दिनेंद्रदास तथा चयन समिति के सदस्य मौजूद रहने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button