MP के 16 सरकारी कॉलेजों में बड़ा प्रमोशन, तृतीय श्रेणी के कर्मचारी बने द्वितीय श्रेणी रजिस्ट्रार

भोपाल: मध्य प्रदेश के 16 शासकीय महाविद्यालयों में तृतीय श्रेणी के कर्मचारियों को पदोन्नति देकर द्वितीय श्रेणी रजिस्ट्रार यानी पंजीयक के पद पर पदस्थ किया गया है। उच्च शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सोमवार को आदेश जारी किया। वर्षों से पदोन्नति का इंतजार कर रहे कर्मचारियों को इसका लाभ मिला है।
आदेश के मुताबिक पदोन्नति के बाद संबंधित कर्मचारियों को आगामी आदेश तक अलग-अलग शासकीय महाविद्यालयों और संस्थानों में रजिस्ट्रार के पद की जिम्मेदारी दी गई है। एमएल मंगरोलिया को शासकीय मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय, भोपाल में ही पदस्थ किया गया है।
दिलीप तिवारी को उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान, भोपाल की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं तरूलता शर्मा को सरोजनी नायडू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भोपाल में रजिस्ट्रार के पद पर पदस्थ किया गया है। राकेश शर्मा को शासकीय हमीदिया कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, भोपाल में जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इंदौर, उज्जैन समेत कई जिलों में हुई पदस्थापना
पदोन्नति के बाद केएल उपाध्याय को शासकीय होलकर विज्ञान महाविद्यालय, इंदौर और आनंद कुमार चौधरी को शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, उज्जैन में पदस्थ किया गया है। संतोष कुमार सक्सेना को चन्द्रशेखर आजाद शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सीहोर की जिम्मेदारी दी गई है।
ज्योति केने को शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय, भोपाल में रजिस्ट्रार के पद पर पदस्थ किया गया है। अन्य पदस्थापना में डॉ. के.वी. बुनकर को गुना, किशोरीलाल चढ़ार को टीकमगढ़, नारायण प्रसाद संजोदिया को राजगढ़ और तारा बिलवाल को झाबुआ भेजा गया है।
इसके अलावा पीएस उईके को छिंदवाड़ा, शारदा प्रसाद सोनी को रीवा, राकेश कुमार दुबे को जबलपुर और छोटेलाल प्रजापति को दमोह में रजिस्ट्रार के पद पर पदस्थ किया गया है।



