मनोरंजन

सितंबर में मनोरंजन का बड़ा धमाका, ZEE5 पर आएंगी क्राइम थ्रिलर, कॉमेडी, रोमांस और रिएलिटी शो

नई दिल्ली: सितंबर का महीना ओटीटी दर्शकों के लिए खास रहने वाला है। ZEE5 ने इस महीने स्ट्रीम होने वाली फिल्मों और वेब सीरीज की सूची जारी कर दी है। इस सूची में अलग-अलग भाषाओं की फिल्में और सीरीज शामिल हैं। इसके साथ रिएलिटी शो और बच्चों के लिए विशेष कंटेंट भी दर्शकों को देखने मिलेगा। यानी एक ही मंच पर क्राइम थ्रिलर से लेकर कॉमेडी ड्रामा और रोमांटिक फिल्मों तक कई विकल्प उपलब्ध होंगे।

सितंबर में ZEE5 पर सबसे ज्यादा चर्चा तिग्मांशु धूलिया के निर्देशन में बनी फिल्म घमासान को लेकर है। यह एक हाई वोल्टेज क्राइम थ्रिलर फिल्म है, जिसमें अरशद वारसी, प्रतीक गांधी, राजपाल यादव और इशिता दत्ता जैसे कलाकार नजर आएंगे। फिल्म 11 सितंबर को स्ट्रीम होगी और अपनी कहानी व कलाकारों की मौजूदगी के कारण यह इस महीने की प्रमुख रिलीज में शामिल है।

कॉमेडी पसंद करने वालों के लिए बकैती

कॉमेडी और हल्के-फुल्के मनोरंजन के शौकीन दर्शकों के लिए बकैती नाम की कॉमेडी ड्रामा सीरीज भी तैयार है। इस सीरीज का निर्देशन अमित गुप्ता ने किया है।

इसमें राजेश तैलंग, शीबा चड्ढा, तान्या शर्मा और आदित्य शुक्ला जैसे कलाकार दिखाई देंगे। कॉमेडी ड्रामा पसंद करने वाले दर्शकों के लिए यह सीरीज सितंबर में एक खास विकल्प हो सकती है।

हिप हॉप रिएलिटी शो लीगेसी भी करेगा मनोरंजन

रिएलिटी शो पसंद करने वाले दर्शकों के लिए भी ZEE5 ने खास तैयारी की है। लीगेसी नाम का देसी हिप हॉप रिएलिटी और टैलेंट शो इस महीने दर्शकों के बीच आएगा।

इस शो में रफ्तार और कृष्णा होस्ट और जज की भूमिका में नजर आएंगे। संगीत और हिप हॉप में रुचि रखने वाले दर्शकों के लिए यह शो आकर्षण का केंद्र बन सकता है।

तमिल और तेलुगु कंटेंट की भी भरमार

तमिल फिल्मों के दर्शकों के लिए नयंतारा और कविन राज की फिल्म हाय भी ZEE5 पर आएगी। यह एक रोमांटिक फिल्म है, जिसमें के भाग्यराज और प्रभु भी अहम भूमिकाओं में हैं।

इसके साथ सट्टमम नीधियुम का दूसरा पार्ट भी दर्शकों को देखने मिलेगा। यह एक कोर्टरूम ड्रामा सीरीज है, जिसका निर्देशन बालाजी सेलवराज ने किया है।

तेलुगु दर्शकों के लिए वीरभद्राणी रहस्यम का दूसरा पार्ट आएगा। वहीं पंचनामा नाम की क्राइम इन्वेस्टिगेशन थ्रिलर सीरीज भी 11 सितंबर को स्ट्रीम होगी।

कन्नड़ और मलयालम दर्शकों के लिए भी खास रिलीज

कन्नड़ कंटेंट में कॉर्पोरेट लव स्टोरी और हल्ली पावर जैसे शो शामिल हैं। कॉर्पोरेट लव स्टोरी में कॉर्पोरेट दुनिया के बीच पनपती प्रेम कहानी दिखाई जाएगी, जबकि हल्ली पावर ग्रामीण कर्नाटक की संस्कृति पर आधारित रिएलिटी शो है।

मलयालम कंटेंट में बांद्रा भी दर्शकों के लिए उपलब्ध होगी। दिलीप और तमन्ना भाटिया की यह फिल्म 90 के दशक के मुंबई अंडरवर्ल्ड और बॉलीवुड की दुनिया के इर्द-गिर्द घूमती है।

इसके अलावा केरल अंडरग्राउंड नाम का मलयालम रैप और हिप हॉप रिएलिटी शो भी दर्शकों को देखने मिलेगा।

मराठी और बच्चों के लिए भी कई विकल्प

मराठी सिनेमा पसंद करने वाले दर्शकों के लिए अडकित्ता को भी सूची में शामिल किया गया है। वहीं बच्चों के मनोरंजन के लिए बंदबुध बुड़बक 2 और स्मार्ट किड्ज जैसी सीरीज भी आने वाली हैं।

इस तरह सितंबर में ZEE5 की सूची काफी विविध नजर आ रही है, जिसमें अलग-अलग भाषाओं, उम्र और पसंद के दर्शकों के लिए मनोरंजन के कई विकल्प मौजूद रहेंगे।

Related Articles

Back to top button