पंजाबराज्य

अमृतसर एयरपोर्ट के पास आसमान में दिखीं संदिग्ध उड़ती वस्तुएं, 7 फ्लाइट्स डायवर्ट, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

चंडीगढ़: पंजाब के अमृतसर में श्री गुरु रामदास जी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार देर रात संदिग्ध उड़ती वस्तुएं दिखाई देने के बाद हड़कंप मच गया। रात करीब 10 बजे रनवे के आसपास आसमान में दो से चार उड़ती वस्तुएं नजर आईं। पहली नजर में इनके ड्रोन जैसे दिखाई देने के बाद एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने सतर्कता बरतते हुए अलर्ट जारी कर दिया।

संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने के बाद अमृतसर आने वाली 7 फ्लाइट्स का मार्ग बदलना पड़ा। इनमें कुछ विमानों को दिल्ली और कुछ को चंडीगढ़ भेजा गया। घटना के बाद एयरपोर्ट परिसर के साथ आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई।

रुड़ाला गांव की ओर से एयरपोर्ट की तरफ आती दिखीं संदिग्ध वस्तुएं

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ये संदिग्ध उड़ती वस्तुएं रुड़ाला गांव की दिशा से अमृतसर एयरपोर्ट की ओर आती हुई दिखाई दी थीं। कुछ समय तक इनकी गतिविधि रनवे और उसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्र के ऊपर देखी गई।

अमृतसर सीमावर्ती जिला होने के कारण एयरपोर्ट के आसपास इस तरह की संदिग्ध गतिविधि को सुरक्षा के लिहाज से गंभीरता से लिया गया। सूचना मिलते ही सीआईएसएफ, पंजाब पुलिस और अन्य केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट कर दिया गया।

ड्रोन थे या कुछ और? जांच के बाद ही होगा साफ

आसमान में दिखाई दी इन वस्तुओं की पहचान को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। सुरक्षा एजेंसियों ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि ये वास्तव में ड्रोन थे या किसी अन्य प्रकार की उड़ने वाली वस्तुएं। जांच एजेंसियां इनके स्रोत और पहचान का पता लगाने में जुटी हैं।

घटना के बाद एयरपोर्ट और आसपास के क्षेत्र में कुछ समय तक अतिरिक्त निगरानी रखी गई। सुरक्षा टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए रखी। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आसमान में दिखाई दी वस्तुएं क्या थीं और वे किस दिशा से वहां पहुंची थीं।

Related Articles

Back to top button