मध्य प्रदेशराज्य

MP: CM मोहन यादव का दुबई दौरा, बड़े निवेशकों से करेंगे सीधा संवाद, उद्योग और पर्यटन पर रहेगा फोकस

दुबई: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव 6 से 9 सितंबर तक दुबई के चार दिवसीय दौरे पर रहेंगे। ‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश–दुबई 2026’ के तहत मुख्यमंत्री संयुक्त अरब अमीरात के प्रमुख निवेशकों, उद्योग समूहों और कारोबारी प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। दौरे के दौरान एआईएम कांग्रेस 2026 में भागीदारी, मध्य प्रदेश पवेलियन का उद्घाटन, निवेशकों के साथ व्यक्तिगत बैठकें और ‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश’ संवाद सत्र आयोजित होंगे।

मुख्यमंत्री के इस दौरे का मुख्य उद्देश्य मध्य प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, पर्यटन क्षेत्र और निवेश की संभावनाओं को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के सामने रखना है। कार्यक्रम के अनुसार, इस दौरान कई उच्चस्तरीय बैठकों में प्रदेश में निवेश के अवसरों पर सीधे बातचीत होगी। लूलू ग्रुप, डीपी वर्ल्ड, इमार समेत कई प्रमुख कारोबारी समूहों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें प्रस्तावित हैं।

पहले दिन प्रवासी भारतीयों से संवाद, ‘टाइकून्स’ कार्यक्रम में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री 6 सितंबर को दुबई पहुंचेंगे, जहां प्रवासी भारतीय समुदाय की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद ताज दुबई में जिला एक उत्पाद के स्टॉल का उद्घाटन किया जाएगा। इस स्टॉल में मध्य प्रदेश के बेल मेटल, चंदेरी, माहेश्वरी, बाटिक, जरी-जरदोजी और ग्वालियर कारपेट जैसे उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री संयुक्त अरब अमीरात में भारत के राजदूत डॉ. दीपक मित्तल और दुबई के महावाणिज्य दूत डॉ. ई. विष्णुवर्धन रेड्डी से जानकारी लेंगे। शाम को वे अरब संसद के अध्यक्ष मोहम्मद अहमद अल यम्माही के सम्मान में आयोजित भोज में शामिल होंगे।

दौरे के पहले दिन मुख्यमंत्री एआईएम कांग्रेस 2026 के आमंत्रण-आधारित ‘टाइकून्स’ कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगे। इसमें करीब 500 सॉवरेन वेल्थ फंड, फैमिली ऑफिस और कॉरपोरेट प्रमुखों के शामिल होने का कार्यक्रम है। यहां निवेश से जुड़े मुद्दों पर बंद कमरे में संवाद प्रस्तावित है।

7 सितंबर को एआईएम कांग्रेस में मध्य प्रदेश पवेलियन का उद्घाटन

दौरे के दूसरे दिन 7 सितंबर को मुख्यमंत्री दुबई वर्ल्ड ट्रेड सेंटर में एआईएम कांग्रेस 2026 के दौरान मध्य प्रदेश पवेलियन का उद्घाटन करेंगे। इसके जरिए प्रदेश के निवेश अवसरों और औद्योगिक क्षमता को वैश्विक निवेशकों के सामने रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री रास अल खैमाह के शासक शेख सऊद बिन सक्र अल कासिमी से शिष्टाचार भेंट भी करेंगे। इसके बाद एआईएम कांग्रेस के उद्घाटन समारोह में नेताओं के सत्र को संबोधित करेंगे।

इसी दिन तातारस्तान के गवर्नर के साथ बैठक प्रस्तावित है। इसके अलावा संयुक्त अरब अमीरात के अर्थव्यवस्था और पर्यटन मंत्री अब्दुल्ला बिन तौक अल मर्री, विदेश व्यापार राज्य मंत्री और एआईएम कांग्रेस के अध्यक्ष डॉ. थानी बिन अहमद अल जेयूदी के साथ भी मुख्यमंत्री की बैठकें होंगी।

‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश-इंडिया’ सत्र में निवेश और पर्यटन का विजन रखेंगे

7 सितंबर को दोपहर बाद ‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश-इंडिया’ निवेश सत्र होगा। इसमें मध्य प्रदेश में निवेश की संभावनाओं और पर्यटन क्षेत्र के अवसरों को निवेशकों के सामने रखा जाएगा। कार्यक्रम की शुरुआत प्रदेश की निवेश संभावनाओं पर फिल्म और प्रस्तुति से होगी। इसके बाद पर्यटन क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी जाएगी।

विदेश व्यापार राज्य मंत्री डॉ. थानी बिन अहमद अल जेयूदी के मुख्य भाषण के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव अपना संबोधन देंगे और प्रदेश में निवेश को लेकर सरकार का विजन सामने रखेंगे।

लूलू ग्रुप के चेयरमैन समेत बड़े कारोबारी दिग्गजों से मुलाकात

मुख्यमंत्री 7 सितंबर को लूलू ग्रुप इंटरनेशनल के चेयरमैन यूसुफ अली एम.ए. से भी मुलाकात करेंगे। यह बैठक मध्य प्रदेश में निवेश और कारोबारी सहयोग की संभावनाओं के लिहाज से अहम मानी जा रही है।

8 सितंबर को 12 प्रमुख निवेशकों के साथ वन-टू-वन बैठकें

दौरे के तीसरे दिन यानी 8 सितंबर को मुख्यमंत्री का कार्यक्रम पूरी तरह निवेशकों और कारोबारी समूहों के साथ सीधे संवाद पर केंद्रित रहेगा। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार, वे राणा होल्डिंग्स, जेम्स एजुकेशन, क्रेसेंट ग्रुप, प्योर हेल्थ, शराफ ग्रुप, चोइथराम्स, डीपी वर्ल्ड, ब्यूमर्क कॉरपोरेशन, वेस्ट जोन, केजीके ग्रुप, विस्टास मीडिया कैपिटल और वीएफएस ग्लोबल से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ व्यक्तिगत बैठकें करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री शारजाह चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चेयरमैन अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस और अन्य प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। शारजाह में बीआह समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के साथ भी बैठक प्रस्तावित है।

इमार के साथ बैठक, बुर्ज खलीफा का भी करेंगे अवलोकन

8 सितंबर को मुख्यमंत्री इमार के कार्यालय जाएंगे। कार्यक्रम के अनुसार वे बुर्ज खलीफा का अवलोकन करेंगे और इसके बाद इमार समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के साथ बैठक करेंगे।

शाम को ताज दुबई में ‘इन्वेस्ट इन मध्यप्रदेश: निवेश अवसरों पर संवाद सत्र’ आयोजित होगा। इसमें संयुक्त अरब अमीरात में व्यवसाय और परोपकार के लिए विशेष दूत बद्र जाफर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री इस दौरान मध्य प्रदेश के औद्योगिक और पर्यटन क्षेत्रों में मौजूद संभावनाओं पर निवेशकों से संवाद करेंगे।

9 सितंबर को नई दिल्ली लौटेंगे मुख्यमंत्री

तीन दिनों के निवेश केंद्रित कार्यक्रमों के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव 9 सितंबर को दुबई से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे। कार्यक्रम के अनुसार, सुबह 9:50 बजे दुबई से उनकी उड़ान प्रस्तावित है और दोपहर 2:45 बजे नई दिल्ली पहुंचने का कार्यक्रम है।

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 से पहले निवेशकों को जोड़ने की कोशिश

मुख्यमंत्री का यह दौरा मध्य प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, पर्यटन संभावनाओं और निवेश अवसरों को वैश्विक कारोबारियों तक पहुंचाने की रणनीति का हिस्सा है। एआईएम कांग्रेस में मध्य प्रदेश पवेलियन और निवेश सत्र के जरिए संभावित निवेशकों के साथ सीधे संपर्क बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री की व्यक्तिगत बैठकें भी इसी दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही हैं।

दौरे का एक प्रमुख लक्ष्य आगामी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के लिए अंतरराष्ट्रीय निवेशकों और कारोबारी समूहों को मध्य प्रदेश से जोड़ना भी है। आधिकारिक कार्यक्रम में कई बैठकों के दौरान ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2027 के लिए निमंत्रण दिए जाने का उल्लेख किया गया है।

Related Articles

Back to top button