विदिशा के पूर्व ADM अनिल कुमार डामोर का हार्ट अटैक से निधन, नई जिम्मेदारी संभालने से पहले थम गई जिंदगी

विदिशा: जिले के पूर्व अपर कलेक्टर और 2019 बैच के आईएएस अधिकारी अनिल कुमार डामोर का मंगलवार सुबह हार्ट अटैक से निधन हो गया। अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अचानक बिगड़ी तबीयत, मेडिकल कॉलेज में मौत
अनिल कुमार डामोर के निधन की खबर मिलते ही प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी और परिचित मेडिकल कॉलेज पहुंचने लगे। अस्पताल परिसर में उनके सहयोगी और परिचित बेहद दुखी नजर आए। मेडिकल कॉलेज में उनके शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
इसी महीने हुआ था भोपाल ट्रांसफर
अनिल कुमार डामोर विदिशा में अपर कलेक्टर के पद पर कार्यरत रह चुके थे। इसी महीने राज्य शासन ने उनका तबादला पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, भोपाल में उप सचिव के पद पर किया था। वे विदिशा में अपनी जिम्मेदारी छोड़कर नई तैनाती संभालने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही उनका निधन हो गया।
मिलनसार और सहज स्वभाव के लिए थे पहचाने जाते
सहकर्मियों के मुताबिक अनिल कुमार डामोर बेहद हंसमुख, मिलनसार और सहज स्वभाव के अधिकारी थे। वे अधिकारियों के साथ-साथ कर्मचारियों से भी आत्मीयता से बातचीत करते थे। उनके व्यवहार में अधिकारी होने का औपचारिक रवैया कम ही नजर आता था। इसी सहजता और अच्छे व्यवहार के कारण उन्होंने कम समय में ही प्रशासनिक अमले में अपनी अलग पहचान बना ली थी।
सहकर्मियों ने साझा कीं पुरानी यादें
मेडिकल कॉलेज पहुंचे अधिकारी और कर्मचारी एक-दूसरे से डामोर के साथ बिताए समय और उनसे जुड़ी यादें साझा करते नजर आए। सहकर्मियों ने कहा कि उन्होंने सिर्फ एक अच्छे अधिकारी को नहीं, बल्कि एक अच्छे साथी को भी खो दिया है। उनके अचानक निधन से प्रशासनिक अमले में गहरा दुख है।
झाबुआ के रहने वाले थे डामोर
अनिल कुमार डामोर मूल रूप से झाबुआ जिले के रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं। उनका बेटा 11वीं कक्षा में पढ़ रहा है, जबकि बेटी भी पढ़ाई कर रही है।



