
नई दिल्ली: दिल्ली की मतदाता सूची में बीजेपी सांसद राघव चड्ढा का नाम शामिल होने को लेकर आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच सियासी टकराव बढ़ गया है। आम आदमी पार्टी ने चुनाव आयोग से इस मामले में जवाब मांगा है और सवाल उठाया है कि पंजाब की सूची से नाम हटने के बाद राघव चड्ढा का नाम दिल्ली की मतदाता सूची में इतनी जल्दी कैसे जुड़ गया। वहीं राघव चड्ढा ने पलटवार करते हुए आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा और कहा कि उन्होंने चुनाव आयोग के सभी नियमों और निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया है।
आम आदमी पार्टी की दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राघव चड्ढा के मतदाता सूची में नाम जुड़ने को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 31 अगस्त को जारी प्रारूप मतदाता सूची में राजेंद्र नगर विधानसभा क्षेत्र में कुल 746 मतदाता थे। इसके बाद जारी सूची में राघव चड्ढा का नाम 747वें नंबर पर जोड़ा गया।
AAP ने उठाया नाम जुड़ने की प्रक्रिया पर सवाल
सौरभ भारद्वाज ने सवाल किया कि जब पंजाब की प्रारूप मतदाता सूची से नाम कटने के बाद 3 सितंबर को राघव चड्ढा ने पंजाब में ही दोबारा नाम जुड़वाने की बात कही थी, तो दिल्ली की मतदाता सूची में उनका नाम इतनी जल्दी कैसे शामिल हो गया।
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी चुनाव आयोग से इस पूरे मामले पर स्पष्टीकरण मांगा। उन्होंने पूछा कि क्या राघव चड्ढा का वोट पंजाब से दिल्ली स्थानांतरित हुआ है और क्या उनका ईपीआईसी नंबर वही है।
AAP बोली- 47 लाख लोगों को भी मिले यही सुविधा
आप नेताओं ने सवाल उठाते हुए कहा कि अगर राघव चड्ढा के लिए जिस प्रक्रिया के तहत मतदाता सूची में नाम शामिल किया गया, वही प्रक्रिया अपनाई गई है तो दिल्ली के उन 47 लाख लोगों को भी यही सुविधा मिलनी चाहिए, जिनके नाम मतदाता सूची से कट चुके हैं।
राघव चड्ढा का पलटवार- AAP कर रही सनक भरा बर्ताव
आम आदमी पार्टी के आरोपों पर राघव चड्ढा ने पलटवार करते हुए पार्टी नेतृत्व पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि वह अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के सपनों में आ रहे हैं। राघव चड्ढा ने आरोप लगाया कि भ्रष्ट आम आदमी पार्टी छोड़ने के बाद उसका नेतृत्व इसे बर्दाश्त नहीं कर पा रहा है। उन्होंने आम आदमी पार्टी के रवैये की तुलना हाल ही में हुए ब्रेकअप के बाद दुखी पूर्व साथी के व्यवहार से की।
‘चुनाव आयोग की गाइडलाइंस के तहत कानूनी रास्ता अपनाया’
राघव चड्ढा ने कहा कि उन्होंने चुनाव आयोग के सभी नियमों और प्रक्रियाओं का पूरी तरह पालन किया है। उनके मुताबिक, तथ्य बिल्कुल स्पष्ट हैं और उन्होंने चुनाव आयोग की गाइडलाइंस के तहत उपलब्ध कानूनी प्रक्रिया का ही इस्तेमाल किया है। उन्होंने यह भी कहा कि आम आदमी पार्टी मतदाता सूची और अपनी पार्टी की सदस्यता रजिस्टर के बीच अंतर भूल रही है।



