पंजाब

लुधियाना में दिल्ली-अमृतसर हाईवे जाम, अंबेडकर प्रतिमा विवाद के बाद पुलिस ने बदला ट्रैफिक रूट; हजारों वाहन फंसे

लुधियाना: संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के साथ की गई अशोभनीय हरकत के विरोध में बुधवार को दलित समाज के लोगों ने लुधियाना के जालंधर बाईपास चौक पर धरना शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों के चक्का जाम से दिल्ली-अमृतसर नेशनल हाईवे पूरी तरह प्रभावित हो गया, जिसके बाद पुलिस ने यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट कर दिया।

प्रदर्शन के कारण अमृतसर, जालंधर, लुधियाना, पटियाला के साथ-साथ हरियाणा और दिल्ली की ओर जाने वाले हजारों वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दोपहर 4 बजे तक लगाए गए जाम के चलते हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।

स्कूल छुट्टी के समय बढ़ी परेशानी, कई वाहन चालक लौटे वापस

प्रशासन के लिए सबसे बड़ी चुनौती दोपहर के समय बनी, जब स्कूलों की छुट्टी हुई। इस दौरान कई स्कूल बसें और छोटे वाहन भी जाम में फंस गए। हालात ऐसे बने कि कई लोग अपने गंतव्य तक पहुंचने के बजाय रास्ते से ही वापस लौटते नजर आए।

स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने जालंधर बाईपास चौक को चारों तरफ से बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।

अंबेडकर प्रतिमा का किया दूध से अभिषेक, बंद कराने निकले प्रदर्शनकारी

बुधवार सुबह दलित समाज के प्रतिनिधियों ने डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का दूध से अभिषेक कर शुद्धिकरण किया। इसके बाद संगठनों ने लुधियाना बंद का आह्वान किया।

हालांकि सुबह शहर के प्रमुख बाजार सामान्य दिनों की तरह खुले रहे। इसके बाद प्रदर्शनकारी समूहों में सड़कों पर उतरे और दुकानों व व्यापारिक प्रतिष्ठानों को बंद कराने की कोशिश की।

प्रतिमा पर जूतों की माला पहनाने से शुरू हुआ विवाद

मामले की शुरुआत मंगलवार 8 सितंबर को हुई थी, जब कुछ असामाजिक तत्वों ने डॉ. बीआर अंबेडकर की प्रतिमा पर जूतों की माला डालकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की थी। घटना की जानकारी फैलते ही इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी।

इसके बाद पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच करीब साढ़े तीन घंटे तक बातचीत और बहस का दौर चला। पुलिस ने देर रात अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा। वहीं पुलिस ने भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए प्रतिमा स्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे भी लगवा दिए हैं।

हाईवे बंद होने के बाद पुलिस ने जारी किया नया ट्रैफिक प्लान

जालंधर बाईपास चौक पर यातायात प्रभावित होने के बाद पुलिस ने वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए हैं।

जालंधर से दिल्ली जाने वाले वाहनों को लाडोवाल बाईपास से साउथ सिटी की ओर भेजा जा रहा है। इसके बाद वाहन फिरोजपुर रोड स्थित वेरका चौक होते हुए साउदर्न बाईपास के जरिए पटियाला-दिल्ली नेशनल हाईवे पर पहुंच रहे हैं।

दिल्ली और अंबाला की तरफ से जालंधर जाने वाले वाहनों को दोराहा से साउदर्न बाईपास की ओर डायवर्ट किया गया है। ये वाहन लाडोवाल बाईपास होते हुए टोल प्लाजा की तरफ निकाले जा रहे हैं।

इसके अलावा वाहन चालक जगराओं होते हुए नकोदर मार्ग से भी जालंधर और अमृतसर की ओर जा सकते हैं।

Related Articles

Back to top button